
Bihar Monsoon Update: गर्मी से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बिहार में मानसून की एंट्री से पहले मंगलवार को औरंगाबाद, किशनगंज, कटिहार और बांका में झमाझम बारिश हुई। IMD के अनुसार 19 जून को बिहार में मानसून की एंट्री की संभावना है। लेकिन, इससे पहले बिहार के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। बारिश के कारण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है।
पटना, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय में बुधवार (18 जून) को तेज हवा चलने के साथ-साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कैमूर, बक्सर, आरा, रोहतास, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, अरवल, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया, और नालंदा में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इन जिलों में 40 से 50 किमी की स्पीड से हवा चलने के साथ-साथ ठनका गिरने का भी अलर्ट जारी हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ अनूप कुमार चौबे का कहना है कि 19 जून तक औरंगाबाद में मानसून का आगमन हो जायेगा। लेकिन 20 से 22 जून तक मानसून पूरी तरह से बिहार में सक्रिय होगा। बिहार में इस बार मानसून का आगमन आंधी पानी व वज्रपात के साथ होगा। डॉ अनूप कुमार चौबे ने आम लोगों को बारिश के समय किसी घर या बिल्डिंग में शरण लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि टीन या धातु के शेड वाले घरों से दूरी बनाएं। आप बारिश के समय सफर कर रहे हैं तो वाहन के शीशे चढ़ाकर रखें। खुली छत वाले वाहन में सवारी नहीं करने की सलाह दिए हैं। इसके साथ ही पहली बारिश के दौरान पेड़ के नीचे, खेतों और तालाब से भी दूरी बनाकर रखें। मोबाइल टॉवर, बिजली के खंबों से भी आम लोगों को बारिश के दौरान दूरी बनाएं रखने की सलाह दी है।