पटना

वाराणसी हादसा: सारण जिले के रहने वाले पिता-पुत्र ने भी गंवाई जान

विकास के लिए बन रहा पुल दर्जनों लोगों की मौत का कारण बन गया...
2 min read
• •
Updated: 16 May 2018, 4:52 PM IST
varanasi accident
varanasi accident

(सारण/बिहार): वाराणसी में हुए दर्दनाक हादसे ने एक दर्जन से अधिक लोगों को अपनी जद में ले लिया। इस दुर्घटना में बिहार के सारण जिले के रहने वाले पिता-पुत्र की भी मौत हो गई। सोशल मीडिया पर मृतकों की फोटो वायरल होने पर गांव के लोगों ने उनकी पहचान की। पिता-पुत्र की की मौत की सूचना मिलने के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।

बेटे को छोड़ने जा रहे थे, हुए हादसे का शिकार

सारण जिले के रसूलपुर थाने के टेसुआर गांव में वाराणसी पुल हादसे का मातम पसर है। गांव के रामबहादुर सिंह और उनके पुत्र प्रिंस की मंगलवार को वाराणसी में पुल हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। सोशल मीडिया में तस्वीरें देखकर गांव के लोगों को हादसे के शिकार हुए पिता पुत्र के बारे में पता चला। बैंककर्मी रामबहादुर सिंह अपने परिवार के साथ वाराणसी में ही रहते हैं। गांव में सिर्फ बूढ़ी मां और चाचा का परिवार रहता है। हादसे के वक्त ही रामबहादुर सिंह अपनी कार से बेटे प्रिंस को लेकर उसे राजस्‍थान के कोटा छोड़ने जा रहे थे। प्रिंस राजस्थान के कोटा में ही रहकर पढ़ाई करता है। इसी दौरान पुल का बीम गिरा और कार में दोनों पिता पुत्र की दबकर मौत हो गई।

विकास के लिए बना पुल बना काल

गौरतलब है कि मंगलवार को वाराणसी में एक भयावह हादसा हुआ। कैंट रेलवे स्टेशन के पास बन रहे फ्लाई ओवर ब्रिज का एक बड़ा पिलर गिर गया। निर्माणधिन पुल के पास से गुजर रहे सभी वाहन इस पिलर के नीचे दब गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में लगभग 18 लोगों की जान चली गई और 30 लोग घायल हो गए। विकास के लिए बन रहा पुल दर्जनों लोगों की मौत का कारण बन गया।

Published on: