पटना

Bihar weather: बिहार में बदला मौसम, बारिश के बाद अब भीषण गर्मी का अलर्ट

बिहार में बारिश थमते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने कई शहरों में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी और लू चलने की आशंका जताई है।

2 min read
Apr 11, 2026
फोटो -(AI Generated)

बिहार में आज से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पिछले कई दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन अब चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान करने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश थमते ही आसमान साफ हो गया है, जिससे धूप की तपिश बढ़ गई है। तापमान में भी इजाफा हुआ है, जिसके चलते लोगों को अब गर्मी सताने लगी है।

4 दिन में तेजी से चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। बिहार के कई जिलों में आगामी 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने आज (11 अप्रैल) राज्य में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और दरभंगा जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

पारा और लू का खतरा

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान मोतिहारी में 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर के सबौर को छोड़कर, पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शनिवार को बिहार के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और खेतों में काम करने वाले मजदूरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्हें दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई है।

डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। फिलहाल 16 अप्रैल तक बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।

Updated on:
11 Apr 2026 08:44 am
Published on:
11 Apr 2026 07:27 am
Also Read
View All