पटना

चीन सीमा विवाद पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने अपनी ही सरकार को घेरा, बोले- ‘चीन से गश्त रोकने का समझौता कर लिया’

RK Singh on China border issue: पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व गृह सचिव आर.के. सिंह ने चीन सीमा विवाद पर अपनी ही सरकार से सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी का वीडियो देखकर उन्होंने कहा कि ऐसा लगा मानो सरकार ने कई पॉइंट्स पर गश्त रोकने का समझौता कर लिया है।
2 min read
Aug 14, 2026
RK Singh on China border issue
चीन सीमा विवाद पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने अपनी ही सरकार को घेरा

Former Power Minister RK Singh statement: चीन के साथ जारी सीमा विवाद को लेकर मोदी सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व केंद्रीय गृह सचिव आर.के. सिंह (R.K. Singh) का एक बड़ा और चौंकाने वाला बयान सामने आया है। पूर्व मंत्री अपनी ही सरकार की चीन नीति पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने साफ कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा जारी किए गए एक वीडियो को देखने के बाद उन्हें ऐसा महसूस हुआ मानो भारत सरकार ने चीन के साथ कुछ पेट्रोलिंग पॉइंट्स (गश्ती बिंदुओं) पर अपनी गश्त रोकने का समझौता कर लिया है।

बता दें कि पूर्व गृह सचिव रह चुके आरके सिंह ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए आगे कहा है कि कुछ खास जगहों पर अगर वाकई में भारतीय सेना ने पेट्रोलिंग करना बंद कर दिया है तो चिंता करने का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि अगर हम भारतीय सीमा के अंतर्गत आने वाले किसी भी पॉइंट्स पर पेट्रोलिंग नहीं करेंगे तो चीन की सेना आकर हमारी चौकियों पर कब्जा कर लेगा और हमे पता भी नहीं चलेगा।

'किस मुर्ख ने यह निर्णय लिया?'

आरके सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि हमने यही गलती कारगिल में किया था, पोस्ट खाली कर वापस आ गए थे और पेट्रोलिंग तक नहीं किया। उसके बाद हमारी पोस्ट पर पाकिस्तानी आकर बैठ गए। इसकी जानकारी हमे एक बकरी चराने वाली ने दी थी, उसके बाद जाकर कारगिल की लड़ाई हुई थी। उन्होंने कहा कि किस मुर्ख ने यह निर्णय लिया जानने की जरूरत है और निर्णय को तत्काल पलटने की आवश्यकता है।

किरन रिजिजू का ने खारिज किया दावा

अरुणाचल प्रदेश में चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के भारतीय क्षेत्र में घुसने और जमीन पर कब्जा करने की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट की है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में चीन की ओर से कोई नया कब्जा नहीं किया गया है। ‘इंडिया टुडे’ से बातचीत में रिजिजू ने कहा कि चीनी सेना के भारतीय सीमा में 60 किलोमीटर तक अंदर आने या किसी इलाके पर नियंत्रण करने की बात पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सीमा पर पूरी तरह सतर्क है और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए मजबूती से तैनात है।

कौन हैं आर.के. सिंह ?

आरके सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व अधिकारी हैं और उन्होंने केंद्र सरकार में कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में वह केंद्रीय ऊर्जा और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले वह भारत सरकार के गृह सचिव जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में आरके सिंह सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन से भी जुड़े हुए हैं।

Updated on:
14 Aug 2026 08:46 pm
Published on:
14 Aug 2026 08:46 pm