
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में मलेरिया से पांच लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सभी उपायुक्तों (डीसी) को पत्र जारी कर मलेरिया की रोकथाम और नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से व्यापक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव के निर्देश पर सभी सिविल सर्जनों को जांच और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं, वहां युद्धस्तर पर कार्ययोजना बनाकर निगरानी बढ़ाई जाए और सभी संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके। इसके साथ ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ विशेष अभियान चलाने तथा प्रत्येक संदिग्ध मरीज की समय पर जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।