पटना

क्या आपके घर मां-बहन नहीं? ट्रोलर्स पर भड़कीं पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह; बोलीं- मरकर देवी नहीं बनना…

पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने एक भावुक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी एक व्यक्ति के लिए जान देने के बजाय अपने माता-पिता के लिए जीना पसंद करेंगी। ज्योति ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की भी सलाह दी।
3 min read
Apr 02, 2026
Feature image
ज्योति सिंह (Social Media Post)

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक गाने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद, ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर आकर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ किया कि एक छोटी सी चूक को बेवजह बहुत बड़ा बना दिया गया और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

गाने को लेकर छिड़ा विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब ज्योति सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें वह एक गाना गा रही थीं। इस गाने के बाद एवो कहतीं हैं कि ये गाना उनके पति (पवन सिंह) का है। लेकिन यह गाना असल में खेसारी लाल यादव का है। इसके चलते, सोशल मीडिया पर लोगों ने ज्योति सिंह को ट्रोल करना शुरू कर दिया और उन पर तरह-तरह के कमेंट्स की बौछार कर दी। ट्रोलिंग के जवाब में, ज्योति सिंह ने माफ़ी मांगी और कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि यह गाना खेसारी भैया का है। इसके बावजूद, लोगों ने उन्हें ट्रोल करना बंद नहीं किया, जिसके बाद ज्योति सिंह ने यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो पोस्ट किया।

भोजपुरी गाने नहीं सुनती ज्योति

ज्योति सिंह ने सफाई देते हुए कहा, 'नमस्ते, मैं आप सबकी ज्योति सिंह। मैं कुछ बातें क्लियर करने आई हूं क्योंकि मुझे नहीं पता था कि एक गाने को लेकर इतना बवाल हो जाएगा। सच तो यह है कि मैं ज्यादा भोजपुरी गाने नहीं सुनती, इसलिए मुझे आइडिया नहीं था कि वह खेसारी भैया का गाना है। मुझे लगा कि वह मेरे पतिदेव (पवन सिंह) का गाना है। अगर मेरी इस गलती से किसी को बुरा लगा, तो मैंने पहले ही माफी मांग ली थी।'

क्या आपके घर में मां-बहन नहीं?

वीडियो में ज्योति सिंह का दर्द और गुस्सा साफ नजर आया। उन्होंने सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स करने वालों से सवाल किया कि क्या उन्हें एक लड़की के लिए अपशब्दों का प्रयोग करते हुए बुरा नहीं लगता? उन्होंने कहा, 'आप लोग जिस तरह की चीजें लिख रहे हैं, क्या कभी सोचा है कि वह किसी को किस हद तक परेशान कर सकती हैं? मैं जिस इंसान को भाई बोलती हूं (खेसारी लाल यादव), आप लोग लिख रहे हैं कि यह उनकी पत्नी है। कम से कम रिश्तों की गरिमा तो रखिए।'

भाई को बॉयफ्रेंड बताने पर जताया गहरा रोष

ज्योति सिंह ने खुलासा किया कि कुछ लोग इस हद तक गिर गए हैं कि उनके सगे भाई के साथ उनके वीडियो को बॉयफ्रेंड बताकर वायरल कर देते हैं। उन्होंने कहा, 'मैं घूमने जाती हूं तो आप कहते हैं कि इसीलिए भैया (पवन सिंह) आपको छोड़ रहे हैं। मैं रोती हूं तो आप कहते हैं कि सिंपैथी गेन कर रही हूं। मैं हंसती हूं तो आप कहते हैं कि मुझे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। आखिर आप लोग चाहते क्या हैं? क्या आप चाहते हैं कि मैं मर जाऊं?'

मरकर देवी नहीं बनना, मां-बाप के लिए जिंदा रहना है

वीडियो में ज्योति आगे कहती हैं, 'मैं किसी एक इंसान के लिए अपनी जान नहीं दे सकती। मेरे मां-बाप मुझसे बहुत प्यार करते हैं और बुरे समय में उन्होंने ही मेरा साथ दिया है। मर जाने के बाद आप लोग मेरे लिए इमोशनल वीडियो डालेंगे और मुझे देवी कहेंगे, लेकिन मुझे वैसी देवी नहीं बनना है। मुझे जीना है, दुनिया देखनी है और अपने माता-पिता के लिए स्ट्रॉन्ग बनना है।'

भोजपुरी इंडस्ट्री के दिग्गजों को बताया अपना भाई

ज्योति ने उन लोगों को भी आईना दिखाया जो पवन सिंह के विरोधियों के साथ उनका नाम जोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, 'मैं खेसारी भैया ही नहीं, बल्कि मनोज (तिवारी) भैया, रवि (किशन) भैया, दिनेश (निरहुआ) भैया को भी भाई जैसा सम्मान देती हूं। इंडस्ट्री के लगभग सभी लोग मेरे भाई जैसे हैं। अगर आप लोग मुझे गालियां दे रहे हैं, तो इससे मेरी नहीं, बल्कि आप जिसके फैन हैं उसकी बदनामी हो रही है कि उसके फैंस की मानसिकता कैसी है।'

महिलाओं से कहा- अपना घर और पहचान बनाएं

यूट्यूब पर 9 मिनट के इस वीडियो के अंत में ज्योति सिंह ने समाज की सभी महिलाओं और अपनी बहनों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'दुनिया कभी औरतों से खुश नहीं होती, इसलिए दुनिया को खुश करने की कोशिश छोड़ दें। अपनी लाइफ में आगे बढ़ें। खास तौर पर औरतों से कहना चाहूंगी कि अपना एक घर जरूर बनाएं, क्योंकि औरतों का न मायका होता है न ससुराल। खुद कमाएं, पढ़ें-लिखें और मजबूत बनें। औरत इतनी ताकतवर होती है कि अगर वह चाहे तो उसे कोई झुका नहीं सकता।'

नहीं बनना है हीरोइन या सिंगर

अक्सर ज्योति सिंह के वीडियो और फोटो को देखकर लोग कयास लगाते हैं कि वह फिल्मों में आना चाहती हैं। इस पर उन्होंने दोटूक कहा, 'मुझे हीरोइन या सिंगर बिल्कुल नहीं बनना है। मुझे यह प्रोफेशन पसंद भी नहीं है। मैं बस उन लोगों के लिए फोटो और वीडियो डालती हूं जो मुझसे वाकई प्यार करते हैं और मुझे देखकर हिम्मत पाते हैं। जिंदगी किसी एक इंसान के जाने से खत्म नहीं होती, सुसाइड कोई ऑप्शन नहीं है।'

Updated on:
02 Apr 2026 12:40 pm
Published on:
02 Apr 2026 12:40 pm