पटना

Republic Day 2026: राज्यपाल फहराएंगे झंडा, 21 टुकड़ियां भरेंगी जोश और 12 झांकियां दिखाएंगी बिहार की प्रगति

Republic Day 2026: पटना के गांधी मैदान में आज 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य समारोह आयोजित किया जा रहा है। सुबह 9 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान झंडोत्तोलन करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।

2 min read
Jan 26, 2026
गणतंत्र दिवस के लिए तैयार पटना का गांधी मैदान (फ़ोटो- X@dm_patna)

Republic Day 2026: राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आज गणतंत्र दिवस 2026 का राजकीय समारोह पूरे भव्य और देशभक्ति के माहौल में आयोजित किया जाएगा। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। तिरंगे के रंग में सजा गांधी मैदान, सुरक्षा के कड़े इंतजाम और परेड-झांकियों के साथ पटना आज राष्ट्रीय उत्सव के रंग में रंगा नजर आएगा।

सुबह 9 बजे राज्यपाल करेंगे झंडोत्तोलन

सोमवार सुबह ठीक 9 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांधी मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे परेड की सलामी लेंगे और राज्य की जनता को संबोधित करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के तुरंत बाद सुबह 9:47 बजे से झांकियों का प्रदर्शन शुरू होगा, जो करीब 32 मिनट तक चलेगा।

21 टुकड़ियों की भव्य परेड

इस बार की परेड में कुल 21 टुकड़ियां शामिल होंगी, जो अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का संदेश देंगी। परेड में CRPF, CISF, ITBP, SSB, STF, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (पुरुष एवं महिला), झारखंड सशस्त्र पुलिस बल, जिला सशस्त्र पुलिस (पुरुष), ट्रैफिक पुलिस (महिला), मद्यनिषेध पुलिस, जेल पुलिस, गृह रक्षक बल (शहरी एवं ग्रामीण), NCC आर्मी (पुरुष व महिला), NCC नेवी, NCC एयर फोर्स, स्काउट-गाइड (पुरुष व महिला), श्वान दस्ता और अग्निशमन दस्ता की टुकड़ियां शामिल होंगी। परेड के दौरान कदमताल और बैंड की धुनों से गांधी मैदान देशभक्ति के जज्बे से गूंज उठेगा।

12 झांकियों में दिखेगा विकसित बिहार का सपना

गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिहार सरकार के 12 विभागों की झांकियां बिहार की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक बदलाव और विकास यात्रा को प्रदर्शित करेंगी।

  1. कला एवं संस्कृति विभाग – परंपरा से संरक्षण तक: कलाकार की सतत यात्रा
  2. परिवहन विभाग – नारी शक्ति: राष्ट्र शक्ति
  3. विधि विभाग – स्वच्छ पर्यावरण, सशक्त भारत
  4. जीविका (ग्रामीण विकास विभाग) – मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना
  5. पर्यटन निदेशालय – मां जानकी जन्मस्थली, पुनौरा धाम
  6. ऊर्जा विभाग – कजरा सौर ऊर्जा-सह-बैटरी भंडारण परियोजना
  7. सहकारिता विभाग – विकसित पैक्स, विकसित बिहार
  8. अग्निशमन सेवा – कर्तव्य पर अडिग एवं अटल
  9. कृषि विभाग (आईटी शाखा) – तेलहन से स्वर्णिम राह
  10. बिहार शिक्षा परियोजना परिषद – सुरक्षित विद्यालय, उज्ज्वल भविष्य
  11. उद्योग विभाग – समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार
  12. मद्य निषेध विभाग – नशामुक्त बिहार, सशक्त परिवार

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर 136 मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। गांधी मैदान, कारगिल स्मृति स्थल समेत 77 संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पूरे परिसर की निगरानी 128 CCTV कैमरों और 18 वॉच टावरों से की जाएगी।

आम जनता और मीडिया के लिए प्रवेश व्यवस्था

आम लोगों का प्रवेश गेट संख्या 5, 6 और 7 से होगा। विशिष्ट अतिथियों का प्रवेश गेट संख्या 10 से और मीडिया कर्मियों का प्रवेश गेट संख्या 9 से निर्धारित किया गया है। सुबह 7 बजे से प्रवेश शुरू होगा और 8:30 बजे तक लोगों को अपने स्थान ग्रहण करने होंगे।

स्वास्थ्य और आपात व्यवस्था

गांधी मैदान में पांच बेड का अस्थायी अस्पताल लगाया गया है। इसके अलावा 10 एंबुलेंस गांधी मैदान और आसपास के प्रमुख मार्गों पर तैनात रहेंगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

लाइव प्रसारण और यातायात व्यवस्था

समारोह का लाइव प्रसारण राजधानी के 15 प्रमुख स्थानों पर VMD स्क्रीन के जरिए किया जाएगा। डाकबंगला चौराहा से जेपी गोलंबर तक का मार्ग विशिष्ट काफिले के लिए आरक्षित रहेगा और आम वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।

मुख्यमंत्री मरांची गांव में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पुनपुन प्रखंड के मरांची गांव के महादलित टोले में आयोजित झंडोत्तोलन समारोह में शामिल होंगे। यहां वयोवृद्ध महादलित सिद्धेश्वर माझी ध्वजारोहण करेंगे।

Also Read
View All

अगली खबर