
पेंटिंग के साथ खान सर (फोटो- स्क्रीन ग्रैब)
पढ़ाने के अनोखे तरीके के लिए मशहूर पटना के जाने-माने शिक्षक खान सर फिर चर्चा में हैं। लेकिन, इस बार चर्चा उनके पढ़ाने के तरीके पर नहीं बल्कि एक छात्र के उनके प्रति गहरे लगाव को लेकर हो रही है। पटना के बापू सभागार में आयोजित एक सेमिनार के दौरान एक छात्र ने खान सर को नीम की लकड़ी के एक टुकड़े पर बनी उनकी एक पेंटिंग तोहफे में दी। जब खान सर ने उत्सुकता से पूछा कि यह पेंटिंग कैसे बनाई है, तो छात्र के जवाब से पूरा हॉल सन्न रह गया। यह पेंटिंग छात्र ने अपने ही खून से बनाई थी।
पेंटिंग को करीब से देखने के बाद खान सर ने छात्र की कलाकारी और जिस लकड़ी पर पेंटिंग बनी थी उसकी खूब तारीफ की। अपने खास अंदाज में उन्होंने कहा, 'इसने यह पेंटिंग बनाने के लिए लकड़ी बहुत समझदारी से चुना है। इसने इसे नीम के पेड़ की लकड़ी पर इसे बनाया है। हम भी काफी हद तक नीम के पेड़ जैसे ही हैं। स्वाद में भले कड़वे लगें, शायद पसंद भी न आएं, लेकिन बीमारी ठीक कर देंगे।'
जब खान सर ने छात्र से पूछा कि क्या उसने यह पेंटिंग अपने हाथों से बनाई है, तो छात्र ने बताया कि उसने इसे अपने ही खून से बनाया है। यह सुनकर मंच पर खड़े खान सर के चेहरे के हाव-भाव तुरंत बदल गए। व वे चौंक गए और छात्र को समझाते हुए कहा, 'यह सही नहीं है। तुमने बहुत गलत काम किया है, ऐसा मत करिए, वरना हम टेंशन में आ जाएंगे।' खान सर ने छात्र को प्यार से डांटते हुए कहा कि किसी शिक्षक के प्रति अपना प्यार दिखाने के लिए खुद को शारीरिक तकलीफ देना या अपना खून बहाना बिल्कुल भी सही नहीं है। इतना कहने के बाद उन्होंने मंच पर ही उस छात्र को कसकर गले लगा लिया।
शिक्षा और स्वरोजगार के विषयों पर आधारित इस सेमिनार का मुख्य उद्देश्य UPSC और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच करियर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस कार्यक्रम के दौरान खान सर ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि किसी भी एकेडमिक बोर्ड परीक्षा में शीर्ष तीन रैंक हासिल करने वाले छात्रों को खान सर के संस्थान में पूरी तरह से निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।
खान सर ने कहा कि अब छात्रों को लाखों रुपये की भारी-भरकम फीस देने की जरूरत नहीं है। इसके बजाय, वे ऑनलाइन माध्यमों से अपने घर बैठे ही बहुत कम खर्च पर उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं। खान सर ने अपने द्वारा स्थापित अस्पताल और जल्द ही शुरू होने वाले ब्लड बैंक के बारे में भी जानकारी साझा की, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।
Published on:
05 Apr 2026 06:13 pm
बड़ी खबरें
View Allपटना
बिहार न्यूज़
ट्रेंडिंग
