तेज प्रताप यादव की जीवन से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग इन दिनों गया और बोधगया में चल रही है। यह प्रोजेक्ट योग, स्वास्थ्य जागरूकता और पदयात्रा की थीम पर आधारित है, जिसमें प्राकृतिक जीवनशैली और आध्यात्मिक माहौल को दिखाया जाएगा।
लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार वे अपनी वेब सीरीज की शूटिंग को लेकर चर्चा में हैं। इन दिनों गया और बोधगया के कई स्थानों पर शूटिंग चल रही है। बोधगया के भूटान मंदिर से उनकी शूटिंग की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वे भगवा वस्त्र पहनकर योग अभ्यास करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में उनके साथ शूटिंग टीम के सदस्य भी दिखाई दे रहे हैं। बोधगया में शूटिंग पूरी करने के बाद तेज प्रताप यादव देर शाम विष्णुपद मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में वे मंदिर के बाहर दुकानों से प्रसाद खरीदते हुए भी नजर आ रहे हैं।
गया और बोधगया में जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेज प्रताप यादव के जीवन से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग चल रही है। इसके लिए उनके अलग-अलग वीडियो शूट किए जा रहे हैं। यह डॉक्यूमेंट्री योग, स्वास्थ्य जागरूकता और पदयात्रा की थीम पर आधारित बताई जा रही है। इसमें प्राकृतिक जीवनशैली और आध्यात्मिक माहौल को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। साथ ही वेब सीरीज के माध्यम से सामाजिक संदेश देने की भी कोशिश की जाएगी।
इसी वजह से शूटिंग के लिए बोधगया को चुना गया है, क्योंकि यह शांत और आध्यात्मिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में इस डॉक्यूमेंट्री को रिलीज किया जाएगा।