वोटर अधिकार यात्रा का सोमवार को पटना में समापन होगा। यात्रा के समापन पर रैली नहीं पदयात्रा किया जायेगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पत्रकारों से बात करते हुए इस बात की जानकारी दी
Voter Adhikar Yatra सोमवार को पटना में वोटर अधिकार यात्रा का समापन होगा। यात्रा के समापन पर पटना के गांधी मैदान में रैली नहीं बल्कि पदयात्रा किया जायेगा। पटना में पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ये बातें कही। पवन खेड़ा ने कहा कि पटना के गांधी मैदान से पटना हाई कोर्ट के पास स्थित अंबेडकर की मूर्ति तक पदयात्रा होगी। पदयात्रा में महागठबंधन के सभी सीनियर नेता शामिल होंगे। करीब चार किलोमीटर की इस पद यात्रा का नाम 'गांधी से अंबेडकर' नाम दिया गया है।
'गांधी से अंबेडकर'
महागठबंधन ने अपनी इस पदयात्रा का नाम 'गांधी से अंबेडकर' दिया है। पदयात्रा से पहले पटना के गांधी मैदान में रैली का कार्यक्रम था। लेकिन,कांग्रेस की रैली के दिन 1 सितंबर को गांधी मैदान उपलब्ध नहीं हो पाने की स्थिति में यह फैसला लिया गया। पटना के अन्य मैदान जैसे वेटनरी कॉलेज ग्राउंड या मिलर ग्राउंड लेने की जगह कांग्रेस ने सीधे पदयात्रा का ऐलान किया है। इस बदलाव का क्या कारण है। राहुल गांधी इस पदयात्रा से क्या मैसेज देना चाहते है यह तो कल पता चलेगा, लेकिन कांग्रेसी पदयात्रा को लेकर काफी उत्साहित हैं।
गांधी मैदान गेट नंबर एक से पदयात्रा सुबह 10 बजे निकलेगी। इसके बाद एसपी वर्मा रोड, डाकबंगला चौराहा, कोतवाली थाना, इनकम टैक्स गोलंबर, नेहरू पथ होते यह यात्री आंबेडकर मूर्ति के पास पहुंचेगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस यात्रा में करीब एक लाख लोग शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि एक लाख के आस पास सिर्फ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। महागठबंधन के अन्य दल के कार्यकर्ता अलग होंगे।
रविवार यानी 31 अगस्त को यात्रा विश्राम करने के बाद वोटर अधिकार यात्रा सोमवार को पटना में पदयात्रा पूरी कर समापन करेगा। यात्रा के समापन को सफल बनाने के लिए महागठबंधन के कार्यकर्ता पिछले दो दिनों से दिन रात मेहनत कर रहे हैं। 17 अगस्त को बिहार के सासाराम से यह यात्रा शुरु हुई थी। करीब 1300 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए यात्रा 24 जिलों और 50 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरी।