
Ajab-Gajab : कोर्ट-कचहरी और वकीलों की दलीलों से परे, राजस्थान के बिजौलिया में एक ऐसा अनूठा दरबार सजता है, जहां इंसान कानून से नहीं, बल्कि नियति और अपनी असाध्य बीमारियों से मुक्ति की अर्जी लगाता है। ऐरू नदी के पवित्र तट पर 2,075 वर्षों से अडिग तिलस्वां महादेव का यह चमत्कारी धाम आस्था, रहस्य और विज्ञान के अद्भुत संगम का जीता-जागता गवाह है।
देश ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार विदेशों से भी खिंचे चले आने वाले लाचार मरीजों के लिए इस रहस्यमयी कुंड की डुबकी और केसरगार मिट्टी का स्पर्श किसी दैवीय वरदान से कम नहीं साबित होता। राजस्थान के इस अजब-गजब शिवधाम इस दरबार में हाजिरी लगाने की परंपरा को स्थानीय भाषा में पेशी कहा जाता है। भीलवाड़ा से करीब 88 किलोमीटर और सलावटिया से नौ किलोमीटर दूर बसा यह पावन स्थल अपनी विशिष्ट पत्थर की नक्काशी वाले द्वारों, मुख्य शिखर पर विराजे भव्य पत्थर के कलश और पवित्र स्नानकुंड के लिए विख्यात है।
तिलस्वां धाम की सबसे बड़ी महिमा यहां का अलौकिक तिलस्वां कुंड और उसकी मिट्टी है। मान्यता है कि इस कुंड में श्रद्धा पूर्वक डुबकी लगाने, केसरगार कही जाने वाली पवित्र मिट्टी का लेप करने और मंदिर परिसर की परिक्रमा लगाने से चर्म रोग, दाद-खाज-खुजली, बवासीर और कैंसर जैसी असाध्य बीमारियों से भी राहत मिलती है। सुबह और शाम ढलते ही जब रामधुन की स्वर लहरियां आरती के साथ गूंजती हैं, तो पूरा वातावरण शिव भक्ति के अनुपम रस में सराबोर हो उठता है।
इस मंदिर के मुख्य शिखर के पत्थर के कलश के पीछे एक बड़ी ही दिलचस्प लोककथा जुड़ी है, जिसे स्थानीय लोग सदियों से सुनते-सुनाते आए हैं। मंदिर के पीछे से देखने पर शिखर की ओर पत्थर की एक मानव आकृति नजर आती है, जिसकी पीठ पर जूते लटके प्रतीत होते हैं। जनश्रुति के अनुसार, खापरीया नाम का एक चोर मंदिर का स्वर्ण कलश चुराने के इरादे से शिखर पर चढ़ा था। लेकिन भगवान शिव की लीला ऐसी हुई कि चोरी को अंजाम देने से पहले ही चोर और कलश दोनों पत्थर के बन गए। आज भी यह आकृति लोगों को अधर्म और चोरी से दूर रहने की सीख देती नजर आती है।
मंदिर की स्थापना को लेकर एक अन्य पौराणिक प्रसंग रावण से भी जुड़ता है। कहा जाता है कि लंकापति रावण ने अपनी यात्रा के दौरान यह शिवलिंग एक ग्वाले को थोड़ी देर के लिए सौंपा था। रावण को लौटने में विलंब हुआ तो ग्वाले ने शिवलिंग को धरती पर टिका दिया, जिसके बाद यह पावन शिवलिंग हमेशा के लिए यहीं स्थापित हो गया।
अतिथि सेवा और समरसता की परंपरा इस धाम की सबसे खूबसूरत पहचान रही है। एक दौर था जब पुजारी स्वयं संध्या आरती के बाद यात्रियों को अपने घर ले जाकर भोजन कराते थे। आज वही परंपरा मंदिर ट्रस्ट के विशाल भंडारे के रूप में निरंतर चल रही है। महाशिवरात्रि और हर अमावस्या पर यहां विशाल मेले सजते हैं और सामूहिक विवाह जैसे कल्याणकारी आयोजन होते हैं। सुबह 4 बजे मंगला आरती, 9 बजे राज आरती और सूर्यास्त के समय होने वाली संध्या आरती में उमड़ता जन सैलाब इस बात का प्रमाण है कि तिलस्वां महादेव का यह दरबार आज भी लाखों दुखियारी आत्माओं के लिए उम्मीद और विश्वास का सबसे बड़ा सहारा बना हुआ है।
तिलस्वां कुंड के सेवक धन्नालाल धाकड़ बताते है कि समय के साथ तिलस्वां धाम का स्वरूप भी भव्य होता गया। विक्रम संवत 2002 में पुजारी भंवरलाल पाराशर के प्रयासों से मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू हुआ। इसके बाद संवत 2005 में स्नानकुंड, 2007 में माता दुर्गा का मंदिर और 2018 में मुख्य द्वार का निर्माण हुआ। धीरे-धीरे परिसर में भगवान विष्णु, गणपति और सूर्य देव के मंदिर भी स्थापित किए गए।