
Food Culture : भारतीय परंपरा में आहार जीवन संस्कार माना जाता था, सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक बदलावों ने भोजन को भूख मिटाने की बजाए जश्न का जरिया बना दिया है। आहार और पोषण की बदलती अवधारणा ने जनसांख्यकीय वृद्दि के साथ कैंसर और मोटापे जैसे जीवनशैली जनित रोगों का बोझ भी बढ़ाया है। आबादी में बुजुर्गों की बढ़ती संख्या दबी हुई चिंता है जिसका समाधान अभी से खोजने के प्रयासों की जरूरत है।
स्वास्थ्य के नजरिए से एक बड़ी चिंता आबादी में वृद्दावस्था वाले लोगों की संख्या बढ़ना भी है। इनमें भी अधिकतर लोग मध्यमवर्गीय हैं और प्रौढ़ावस्था से वृद्दावस्था की तरफ बढ़ रहे लोगों की संख्या ज्यादा है। इससे आबादी में गैर संचारी रोगों (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) का भार बढ़ रहा है। कुछ दशक पहले टीबी व एक से दूसरे में फैलने वाले संक्रमण चुनौती माने जाते थे लेकिन अब जीवनशैली, खानपान व व्यायाम से जुड़ी बीमारियां सबसे बड़ी समस्या बन गई हैं। आबादी में वृद्दों की संख्या बढ़ना, लाइफस्टाइल में बदलाव विशेष रूप से खानपान के कारण बढ़ती उम्र से जुड़े कैंसर के केस और मृत्यु दर बढ़ने की आशंका है। इससे आम लोगों के साथ अर्थव्यवस्था पर न सिर्फ कैंसर के इलाज का बोझ बढ़ रहा है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं और इलाज को सबतक मुहैया करवाना भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक दशक में देश में लगभग 14 लाख कैंसर के नए मामले दर्ज किए गए। 2020 के दशक में, कैंसर से जुड़ी मौतों में 30% से अधिक की वृद्धि हुई है। जैसे-जैसे जीवनशैली और आहार में बदलाव आ रहा है, यह जनसांख्यिकीय बदलाव कैंसर के बोझ को और बढ़ा सकता है। तो कैंसर को रोकेंगे कैसे और बचाव कैसे होगा? आहार और पोषण को कैंसर के लिए सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तनीय जोखिम कारकों में माना जाता है। यदि हम इन दोनों से जुड़ी आदतों में बदलाव कर लें तो बचाव और रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है।
शोध बताते हैं कि रेड मीट, प्रोसेस्ड फूड, शराब, जरूरत से ज्यादा नमक वाले खाद्य पदार्थ और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट कैंसर का खतरा बढ़ाते हैं। मोटापा लगभग 13 विभिन्न प्रकार के कैंसर का खतरा बढ़ाता है। पोषण में सुधार के प्रयासों के बावजूद देश में 'आहार विविधता' भी चुनौती है। हालांकि हमारे यहां 'पोषण अभियान' के तहत कुपोषण को लक्षित करने वाले कई सफल कार्यक्रम चलाए गए हैं। लेकिन गैर-संचारी रोगों में आहार और मोटापे की भूमिका पर अब भी प्रभावी उपाय करने की जरूरत है।
यह चिंता अब व्यक्तिगत न होकर वैश्विक बन गई है। आयुर्वेद और आहार चिकित्सा के कैंसर मरीजों पर परीक्षणों के सकारात्मक परिणाम हौसला देते हैं। लेकिन ऐसा बहुत कुछ है जिसे हम अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और पारंपरिक खानपान के रूप में बनाए रख सकते हैं। कैंसर से बचाव के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जो विशेषज्ञ बता रहे हैं, उसका एक संकेत यह भी है कि कुछ नया अपनाने की जगह यदि हम अपने पारंपरिक खानपान और आदतों को ही याद कर लें या उन्हें फिर से अपना लें तो न केवल कैंसर ही नहीं बल्कि पोषण से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों या समस्याओं से भी बच सकते हैं बल्कि इनके असर को कुछ साल के लिए रोक भी सकते हैं।
कैंसर के बढ़ते मामलों में कमी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेषज्ञ मुखरता से कह रहे हैं कि इससे लड़ने की रणनीति बदलने का सही समय है। अमरीका के हार्वर्ड टी चान स्कूल ऑफ पब्लिक हैल्थ ने 'आहार, पोषण, जीवनशैली और भारत में कैंसर' विषय पर विभिन्न रिसर्च और इनसे जुड़े विशेषज्ञों के हवाले से रेखांकित किया है कि पहले खाना भूख मिटाने और ताकत (पोषण) के लिए होता था लेकिन अब खाना जश्न है जो कि बाजार से पैदा हुई पसंद की पूर्ति करने का जरिया बनकर रह गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि भूख मिटाने वाला खाना सेलिब्रेशन फूड बनता जा रहा है और यह भी कैंसर की एक वजह है।
विशेषज्ञों की बातचीत का सीधा इशारा था कि कैंसर को हमने ही बुलावा भेजा है, अब इसे लौटाने का एक तरीका उन पारंपरिक चीजों से वापस जुड़ना भी है जो बचाव में अहम हो सकती हैं। खानपान की आदतों और जीवनशैली संबंधी बदलावों के साथ प्रारंभिक पहचान और प्रभावी नीतियों के साथ पोषण को एकीकृत करने की आवश्यकता भी है। जब हम कुछ मरीजों को नहीं बल्कि आबादी के बड़े हिस्से के लिए जोखिम के कारकों को दीर्घकालिक नजरिए से देखते हैं तो कैंसर की रोकथाम में स्वास्थ्य के साथ इसके सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और नीतिगत पहलू भी महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं।
व्यक्तिगत स्तर पर हमें समझना होगा कि न केवल कैंसर बल्कि जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से बचने के लिए केवल सरकारी नीतियों के भरोसे नहीं रहा जा सकता। आबादी के साथ मरीजों का बोझ स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंदों की पहुंच से दूर कर रहा है। अब समय है कि व्यक्तिगत स्तर पर और सामूहिक रूप से खानपान की रीतियां भी बदलने पर ध्यान दिया जाए।
हार्वर्ड में पोषण और महामारी विज्ञान विभाग ने पिछले 50 वर्षों में कई रिसर्च के जरिए कैंसर, आहार और जीवनशैली के बीच संबंधों के बारे में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। 'नर्सेज हेल्थ स्टडी' जैसे बड़े अध्ययनों से पता चला है कि सामान्यतः स्वास्थ्यवर्धक पौधों पर आधारित खाद्य पदार्थ (प्लांट बेस्ड फूड), विभिन्न प्रकार के फल, सब्जियां और साबुत अनाज कैंसर का खतरा कम करते हैं। भारत और अमरीका में स्तन कैंसर के मामले सबसे अधिक हैं और फल व सब्जियां इस जोखिम को कम करने में सहायक हैं। मानव स्वास्थ्य और पृथ्वी के स्वास्थ्य दोनों के संबंध को जोड़ने वाली 'प्लैनेटरी हेल्थ डाइट' पर किया शोध बताता है कि जो लोग इस आहार का सख्ती से पालन करते हैं, उनमें कैंसर और हृदय रोगों का जोखिम कम पाया गया है। वहीं, हानिकारक आहार पैटर्न शरीर में सूजन (इंफ्लेमेशन) या हाइपरइन्सुलिनमिया (खून में इंसुलिन का उच्च स्तर) को बढ़ाते हैं। इनसे कैंसर का खतरा भी बढ़ता है। स्वास्थ्यवर्धक आहार कैंसर के इलाज के बाद जीवित रहने की संभावना को भी बेहतर करता है।
भारत में विशाल आबादी और जनसांख्यिकीय समूहों में तमाम तरह की विविधताओं से आहार और कैंसर को क्षेत्रीय अंतर व असमानताओं से भी जोड़कर देखा जाना चाहिए। आइसीएमआर और स्वास्थ्य मंत्रालय की कैंसर रजिस्ट्री के आंकड़े भारत में कैंसर के पैटर्न में विविधता को दर्शाते हैं। पुरुषों में मुंह, फेफड़े और प्रोस्टेट कैंसर आम हैं, जबकि महिलाओं में स्तन, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) और अंडाशय का कैंसर प्रमुख है। उत्तर-पूर्वी और मध्य भारत (उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश) में तंबाकू सेवन बहुत अधिक है, जिससे वहां मुंह के कैंसर के मामले सबसे ज्यादा हैं। ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में गर्भाशय व सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग सीमित है, इसलिए महिलाएं अक्सर अंतिम चरणों में अस्पताल पहुंचती हैं।
राष्ट्रीय पोषण संस्थान के सर्वेक्षणों से पता चलता है कि ग्रामीण भारत में पोषण ऊर्जा का 60% हिस्सा अनाज से आता है, जबकि फल और सब्जियों का हिस्सा 6% से भी कम है। शहरी क्षेत्रों में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों और मीठे पेय पदार्थों का बढ़ता चलन मोटापे की महामारी की तरफ जा रहा है। भारत के सन्दर्भ में हमें कैंसर और अन्य गैर संचारी रोगों की रोकथाम की रणनीति को क्षेत्रीय और सांस्कृतिक संदर्भों के अनुसार ढालने की जरूरत है।
इस बारे में दो लाख प्रतिभागियों पर 30 वर्षों तक शोध में पता चला है कि मोटापा कम से कम 13 प्रकार के कैंसर के उच्च जोखिम से जुड़ा है। स्तन कैंसर के मामले में पाया गया कि 18 से 20 वर्ष की आयु में कम बीएमआई होता है तो यह आगे चलकर कैंसर का खतरा घटाता है। हालांकि रजोनिवृत्ति के बाद, बढ़ता वजन जोखिम को बढ़ा देता है। इस अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि जिन लोगों ने 10 वर्ष की अवधि में अपने वजन को कम किया और उसे स्थिर बनाए रखा तो उनमें स्तन कैंसर का जोखिम कम हो गया। आहार संबंधी सावधानी की बात करें तो अब ध्यान पोषक तत्वों की बजाए सीधे खाद्य पदार्थों यानी भोजन पर दिया जा रहा है। विश्व कैंसर अनुसंधान कोष साबुत अनाज, सब्जियों, फलों और फलियों से भरपूर आहार की सिफारिश करता है। साथ में फास्ट फूड, मीठे पेय, शराब और प्रोसेस्ड मांस को सीमित करने की सलाह दी जाती है। कैंसर की रोकथाम के लिए विशेषज्ञ सप्लीमेंट्स के बजाय प्राकृतिक भोजन को ज्यादा स्वास्थ्यवर्धक मानते हैं।
(लेखक ने यह लेख हार्वर्ड की वेबिनार में हुई परिचर्चा के आधार पर लिखा है)