Patrika Special News

New Elephant Corridor : बाघों के जंगल में गजराजों का बढ़ता कुनबा, मध्य भारत में आकार ले रहा हाथी का नया कॉरिडोर

छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश के शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला और डिंडौरी के जंगलों तक हाथियों की आवाजाही बढ़ रही है। बांधवगढ़ अब हाथियों का स्थायी ठिकाना बनता जा रहा है। आइए पढ़ते हैं बृजेश कुमार तिवारी की विशेष रिपोर्ट।
5 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 2:06 PM IST
Elephant Corridor
मध्य प्रदेश में बढ़ रही है हाथियों की संख्या (Photo+Design: Patrika+ChatGpt)

New Elephant Corridor : मध्य प्रदेश के जंगलों में हाथी कहानियों का हिस्सा बनकर रह गए थे, लेकिन अब पूर्वी एमपी में गजराजों की चिंघाड़ फिर सुनाई देने लगी है। छत्तीसगढ़ के जंगलों से निकलकर हाथियों के झुंड शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला और डिंडौरी के वन क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। अब इनकी संख्या 100 से अधिक हो गई है। यहां के हाथियों ने कटनी, सतना, रीवा व उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, मिर्जापुर और करबी जिलों तक अपनी धाक जमा ली है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व तो अब हाथियों का ऐसा ठिकाना बन गया है, जहां वे केवल मौसमी मेहमान नहीं, बल्कि स्थायी निवासी के रूप में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। संजय-दुबरी और कान्हा के वन परिदृश्य में भी उनकी आवाजाही जारी है। यह बदलाव केवल हाथियों की संख्या बढऩे की कहानी नहीं है, बल्कि मध्यभारत के जंगलों में एक बड़े पारिस्थितिक परिवर्तन का संकेत है।

2018 में पहुंचे हाथी, अब स्थायी ठिकाना

मध्य प्रदेश में हाथियों की स्थायी मौजूदगी का नया अध्याय 2017-18 के आसपास शुरू हुआ। छत्तीसगढ़ की ओर से आए हाथियों के झुंड ने पहले संजय-दुबरी के जंगलों में ठिकाना बनाया और 2018 में करीब 30 से 35 हाथियों का एक बड़ा झुंड बांधवगढ़ पहुंचा। पर्याप्त वनस्पति, पानी और अनुकूल वातावरण मिलने के कारण इनका ठहराव बढ़ता गया। धीरे-धीरे हाथियों ने बांधवगढ़ और आसपास के जंगलों को अपना आवास बना लिया। अब स्थिति यह है कि बांधवगढ़ में हाथियों की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है।

नवंबर 2026 की रिपोर्टों के मुताबिक बांधवगढ़ और आसपास के वन परिदृश्य में इनकी संख्या 50 से 70 के बीच बताई जा रही है। वहीं सितंबर 2026 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक ने मध्यप्रदेश में हाथियों की कुल संख्या करीब 97 बताई थी। इसमें बांधवगढ़ के अलावा शहडोल और सीधी के वन क्षेत्रों में मौजूद हाथी भी शामिल हैं।

क्यों मुफीद है मध्यप्रदेश का जंगल?

हाथियों को किसी एक तरह के जंगल की जरूरत नहीं होती। उन्हें बड़े क्षेत्र में विचरण करने, पर्याप्त भोजन जुटाने और पानी के स्रोतों तक पहुंचने की आवश्यकता होती है। मध्य प्रदेश का शहडोल-उमरिया-अनूपपुर से लेकर मंडला और डिंडौरी तक फैला सतपुड़ा-मैकल वन परिदृश्य इन जरूरतों के लिहाज से कई अनुकूल विशेषताएं रखता है। इस क्षेत्र में साल, सागौन, बांस, महुआ, तेंदू और मिश्रित पर्णपाती वनस्पतियों की व्यापक मौजूदगी है। बांस और घास हाथियों के भोजन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। महुआ, जंगली फल, पेड़ों की पत्तियां, छाल और कोमल वनस्पतियां भी उन्हें भोजन उपलब्ध कराती हैं। जंगलों के बीच मौजूद नदी-नाले, जलस्रोत और छोटे जलाशय पानी की जरूरत पूरी करते हैं। सोन, बनास, जोहिला, नर्मदा और उनकी सहायक नदियों का विस्तृत जलग्रहण क्षेत्र भी इस वन परिदृश्य की प्राकृतिक विशेषता है। यहां की उष्णकटिबंधीय मानसूनी जलवायु, गर्मियों में जलस्रोतों की उपलब्धता वाले वन क्षेत्र और मानसून के बाद विकसित होने वाली हरी वनस्पतियां हाथियों के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाती हैं। मानसून के दौरान घास और नई वनस्पतियों की उपलब्धता बढ़ जाती है, जबकि शुष्क मौसम में नदी-नालों और वन जलस्रोतों के आसपास भोजन और पानी की तलाश में उनका आवागमन बना रहता है।

चार टाइगर रिजर्व के बीच प्राकृतिक आवाजाही

मध्यभारत का वन क्षेत्र अलग-अलग संरक्षित जंगलों का समूह भर नहीं है। यह एक विस्तृत प्राकृतिक परिदृश्य है, जिसमें बांधवगढ़, संजय-दुबरी, कान्हा और छत्तीसगढ़ के अचानकमार सहित गुरु घासीदास-तमोर पिंगला के जंगलों के बीच वन्यजीवों की आवाजाही के रास्ते मौजूद हैं। बांधवगढ़ से संजय-दुबरी और आगे छत्तीसगढ़ के जंगलों तक वन संपर्क बाघों और दूसरे वन्यजीवों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी तरह बांधवगढ़-अचानकमार-कान्हा वन परिदृश्य को जोड़ने वाले वन क्षेत्र की पारिस्थितिक अहमियत है। अनूपपुर और डिंडौरी के जंगल इन वन क्षेत्रों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। हाथी भी भोजन, पानी और सुरक्षित आवास की तलाश में इन वन पट्टियों से होकर आवाजाही करते हैं।

जंगल को मिलती है नई जिंदगी

हाथियों को जंगल का प्राकृतिक इंजीनियर कहा जाता है। इसकी वजह उनका विशाल शरीर ही नहीं, बल्कि जंगल में उनकी गतिविधियों का व्यापक प्रभाव है। भोजन की तलाश में चलते हुए वे कई बार झाड़ियों और छोटी वनस्पतियों को हटाते हैं। इससे जंगल में खुले स्थान बनते हैं और अलग-अलग प्रकार की वनस्पतियों को विकसित होने का अवसर मिलता है। हाथी विभिन्न पेड़ों और पौधों के फल खाते हैं। उनके पाचन तंत्र से गुजरने के बाद बीज मल के साथ जंगल के दूसरे हिस्सों में पहुंचते हैं। इस तरह वे प्राकृतिक रूप से बीजों का प्रसार करते हैं। इससे वनस्पतियों का विस्तार और जंगलों की जैव विविधता बढ़ाने में मदद मिलती है। उनके मल से मिट्टी में जैविक पदार्थ भी पहुंचते हैं, जो अनेक सूक्ष्म जीवों और कीटों के लिए उपयोगी होते हैं।

गर्मियों में पानी की तलाश के दौरान हाथी सूखी नदी की रेत या जमीन खोदकर पानी तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। ऐसे गड्ढों में जमा पानी छोटे वन्यजीवों और पक्षियों के लिए भी उपयोगी हो सकता है। उनके बड़े पैरों के निशान बारिश के मौसम में छोटे जलकुंडों का रूप ले सकते हैं। इस तरह हाथियों की मौजूदगी का लाभ केवल उनकी प्रजाति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जंगल के दूसरे जीवों तक भी पहुंचता है।

बाघों के लिए फायदेमंद होगी मौजूदगी?

बांधवगढ़ और कान्हा जैसे बाघ बहुल जंगलों में हाथियों की मौजूदगी को एक महत्वपूर्ण पारिस्थितिक बदलाव के रूप में देखा जा सकता है। हाथी और बाघ भोजन के लिए सीधे प्रतिस्पर्धी नहीं हैं। दोनों की जरूरतें अलग-अलग हैं, लेकिन एक ही जंगल में उनकी मौजूदगी वन पारिस्थितिकी के संतुलन को मजबूत कर सकती है। हाथियों की गतिविधियों से वनस्पतियों की संरचना और खुले स्थानों में बदलाव आता है। इससे अलग-अलग प्रकार की घास और वनस्पतियों के विकसित होने की परिस्थितियां बन सकती हैं। ऐसे आवास में चीतल, सांभर, गौर और अन्य शाकाहारी वन्यजीवों के लिए भोजन और आश्रय के विविध अवसर पैदा हो सकते हैं। ये वन्यजीव बाघों के प्रमुख शिकार आधार का हिस्सा हैं।

फसलों और मकानों को नुकसान

हाथियों की बढ़ती मौजूदगी का दूसरा पक्ष ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। खेतों में खड़ी धान, मक्का और दूसरी फसलें हाथियों को आकर्षित करती हैं। महुआ और अनाज का भंडारण भी उन्हें गांवों की ओर खींचता है। कई बार हाथी कच्चे मकानों और अनाज रखने वाले कमरों को तोड़कर भोजन की तलाश करते हैं। इससे किसानों की मेहनत और ग्रामीणों की संपत्ति को नुकसान पहुंचता है। कुछ घटनाओं में मानव जीवन की क्षति भी हुई है। हाथियों के लिए जंगलों में भोजन और पानी की उपलब्धता बनाए रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी ग्रामीणों को समय रहते उनकी आवाजाही की सूचना देना भी है। हाथी गलियारों की वैज्ञानिक पहचान, रेडियो कॉलर और जीपीएस के माध्यम से निगरानी, गांव स्तर पर हाथी मित्र दल, समयबद्ध चेतावनी, फसल क्षति का त्वरित मुआवजा और सुरक्षित अनाज भंडारण जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत करना होगा।

हाथियों की वापसी, जंगलों के भविष्य का संकेत

जंगलों में हाथियों की बढ़ती मौजूदगी को केवल वन विभाग की चुनौती या ग्रामीणों के लिए संकट मानना अधूरा दृष्टिकोण होगा। यह उस प्राकृतिक विरासत की वापसी भी है, जो कभी इस भूभाग के जंगलों का हिस्सा हुआ करती थी। बांधवगढ़, संजय-दुबरी, कान्हा और अचानकमार के बीच वन संपर्क को मजबूत करना आने वाले समय की बड़ी जरूरत है। हाथियों के लिए सुरक्षित रास्ते बचेंगे तो बाघों और दूसरे वन्यजीवों के लिए भी जंगलों का विस्तार और संपर्क बना रहेगा। असल चुनौती हाथियों की बढ़ती संख्या को रोकना नहीं, बल्कि जंगलों को इतना सक्षम बनाना है कि गजराज और ग्रामीण दोनों सुरक्षित रह सकें। यही मध्यभारत के वन्यजीव संरक्षण की असली कसौटी होगी।

Updated on:
20 Nov 2026, 2:06 PM IST
Published on: