Patrika Special News

Late Night Studies: सफलता का मंत्र या सेहत से समझौता? जानें स्टूडेंट्स क्यों चुन रहे हैं नाइट-आउल कल्चर?

Late Night Studies: देर रात तक पढ़ाई करना सफलता का मंत्र या बीमारियों का न्योता देना? दरअसल, दिन के कई झमेले छात्रों को पढ़ाई करने की इजाजत नहीं देता। अगर रात में पढ़ने के अलावा कोई विकल्प आपके पास भी नहीं हो तो उसे कैसे मैनेज किया जाए, इसे समझना बहुत जरूरी है।

6 min read
Apr 18, 2026

Late Night Studies : आजकल के प्रतिस्पर्धी ( Competitor ) दौर में स्टूडेंट्स के बीच 'लेट नाइट स्टडी' का चलन तेजी से बढ़ा है। जहां कुछ इसे शांति और एकाग्रता का जरिया मानते हैं, वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि यह लंबी अवधि में मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। आइए विस्तार से समझते हैं इस कल्चर के पीछे की वजह और इसके प्रभाव।

ये भी पढ़ें

Speech Delay: “मम्मी-पापा… मैं बोलना चाहता हूं” स्मार्टफोन के स्क्रीन की नीली रोशनी में गुम न हो जाए आपके बच्चे की आवाज

क्यों बढ़ रहा है रात में पढ़ने का रुझान?

अक्सर यह देखा गया है दिन के समय घर का शोर-शराबा, फोन कॉल्स और अन्य सामाजिक गतिविधियां पढ़ाई में बाधा डालती हैं। रात के सन्नाटे में छात्र खुद को अधिक केंद्रित (Focused) महसूस करते हैं। इसके मुख्य कारण हैं-

एकाग्रता और शांति (Peace and Concentration): दिन के समय डिजिटल शोर और भौतिक बाधाएं (Physical Distractions) बहुत अधिक होती हैं। घर के काम, मेहमानों का आना-जाना और बाहर का शोर छात्र के ध्यान को भटकाता है। रात के सन्नाटे में मस्तिष्क को एक ऐसा वातावरण मिलता है, जहां वह जटिल विषयों (Complex Subjects) को अधिक गहराई से समझ पाता है।

डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता: अब पढ़ाई सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है। छात्र रात के समय ऑनलाइन कोर्सेज, रिकॉर्डेड लेक्चर्स और ग्लोबल फोरम्स का हिस्सा बनते हैं। इंटरनेट की हाई-स्पीड और बिना किसी रुकावट के वीडियो देखने की सुविधा रात में बेहतर मिलती है, जो इस कल्चर को बढ़ावा देती है।

पीयर प्रेशर' और कॉम्पिटिशन: प्रतियोगी परीक्षाओं (IIT-JEE, NEET, UPSC) की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच एक मनोवैज्ञानिक धारणा बन गई है कि जितना ज्यादा जागेंगे, उतना ही सिलेबस कवर होगा। जब छात्र देखते हैं कि उनके साथी रात भर पढ़ रहे हैं, तो वे भी 'फोमो' (FOMO - Fear of Missing Out) के कारण इस कल्चर को अपना लेते हैं।

स्लीप साइकिल' पर पड़ता है गहरा असर : देर रात तक जागने की आदत धीरे-धीरे 'सार्केडियन रिदम' (शरीर की आंतरिक घड़ी) को बिगाड़ देती है। लंबे समय तक नींद की कमी से याददाश्त कमजोर होना, चिड़चिड़ापन और तनाव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।

'देर रात तक जागना 'ब्रेन फॉग' की स्थिति पैदा करता है'

देर रात के पढ़ने के बारे में कोटा मेडिकल कॉलेज के डॉ. भौमिक (सोम्नोलॉजिस्ट) ने पत्रिका से बताया कि, देर रात तक जागना हमारे दिमाग के लिए 'ब्रेन फॉग' जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। जब छात्र रात भर जागते हैं, तो उनके मस्तिष्क की 'कॉग्निटिव फंक्शनिंग' (संज्ञानात्मक क्षमता) धीमी हो जाती है।

उन्होंने कहा कि नींद की कमी से मस्तिष्क को सूचनाएं संचित (Memory Consolidation) करने का समय नहीं मिलता है। मतलब जो रात में पढ़ा गया है उसे याद रखना मुश्किल होता है। इसके अलावा, लंबे समय तक स्लीप साइकिल बिगड़ने से न्यूरोलॉजिकल डिसऑर्डर और मानसिक चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है। मेरी सलाह है कि वे नींद से समझौता न करें, क्योंकि एक शांत और विश्रामपूर्ण मस्तिष्क ही जटिल फॉर्मूले और तर्क सुलझाने में सक्षम होता है।

डिजिटल युग और 'स्क्रीन टाइम' का अंतहीन सिलसिला

डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने पढ़ाई को सुलभ तो बनाया है, लेकिन इसने छात्रों को स्क्रीन का गुलाम भी बना दिया है। रात में पढ़ाई के दौरान छात्र अक्सर इन आदतों के शिकार हो जाते हैं-

  • यूट्यूब से पढ़ते-पढ़ते शॉर्ट्स और रील्स की दुनिया में खो जाते हैं।
  • नींद भगाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं, जो अंततः 'डिजिटल फटीग' (Digital Fatigue) का कारण बनता है।
  • ब्लू लाइट (Blue Light) के संपर्क में रहने से आंखों के रेटिना पर बुरा असर पड़ता है और प्राकृतिक नींद के लिए जरूरी हार्मोन 'मेलाटोनिन' कम होने लगता है।

कैसे बनाएं इसे सुरक्षित और प्रभावी

अगर रात में पढ़ना आपकी मजबूरी या पसंद है, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है

  • हाइड्रेटेड रहें: चाय-कॉफी का ज्यादा सेवन करने के बजाय पानी पीते रहें।
  • लाइटिंग का ध्यान: पढ़ाई के दौरान रोशनी पर्याप्त होनी चाहिए ताकि आंखों पर दबाव न पड़े।
  • अगले दिन की प्लानिंग: रात की पढ़ाई के बाद अगले दिन कम से कम 7-8 घंटे की नींद जरूर पूरी करें।

सेहत पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव

  • सार्केडियन रिदम का बिगड़ना: लगातार रात में जागने और दिन में सोने से शरीर की 'सार्केडियन रिदम' (Circadian Rhythm) पूरी तरह बिगड़ जाती है। इसके दुष्परिणाम सामने आ रहे हैं जैसे
  • मानसिक स्वास्थ्य: नींद की कमी से मस्तिष्क की सूचनाओं को स्टोर करने की क्षमता घट जाती है। इससे एंग्जायटी, डिप्रेशन और मूड स्विंग्स की समस्या बढ़ती है।
  • शारीरिक बीमारियां: शोध बताते हैं कि जो छात्र रात भर जागते हैं, उनमें मोटापा (Obesity), पाचन संबंधी समस्याएं और भविष्य में हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है।
  • हार्मोनल असंतुलन: देर रात तक जागने से शरीर में कोर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) का स्तर बढ़ जाता है, जो एकाग्रता बढ़ाने के बजाय तनाव पैदा करता है।

माता-पिता की अहम भूमिका

माता-पिता को यह समझने की जरूरत है कि पढ़ाई के 'घंटों' से ज्यादा जरूरी पढ़ाई की 'क्वालिटी' है

  • बच्चों के कम्फर्ट जोन को समझें: बच्चों पर सुबह जल्दी उठने का दबाव डालने के बजाय उनके कम्फर्ट ज़ोन को समझें, लेकिन सेहत की कीमत पर नहीं।
  • डाइट का ध्यान: अगर बच्चा रात में पढ़ रहा है, तो उसे कैफीन (चाय-कॉफी) के बजाय हल्के फल या ड्राई फ्रूट्स दें।
  • स्क्रीन टाइम मॉनिटरिंग: डिजिटल पढ़ाई के साथ-साथ फिजिकल किताबों को प्राथमिकता देने के लिए प्रोत्साहित करें।

लेट नाइट स्टडी के लिए 'स्मार्ट टिप्स'

पोमोडोरो तकनीक (Pomodoro Technique): हर 50 मिनट की पढ़ाई के बाद 10 मिनट का ब्रेक लें। इस दौरान फोन न छुएं, बल्कि स्ट्रेचिंग करें।

सही रोशनी का चुनाव: सिर्फ टेबल लैंप के भरोसे न रहें, कमरे में हल्की रोशनी और भी रखें ताकि आंखों पर तनाव न आए।

पावर नैप: दिन के समय 20-30 मिनट की छोटी नींद लें ताकि दिमाग को आराम मिल सके।

भारी भोजन से बचें: रात के समय हल्का भोजन करें ताकि आलस न आए और दिमाग सक्रिय रहे।

"कुछ लोग 'मॉर्निंग पर्सन' और कुछ 'नाइट आउल' होते हैं"

क्या रात की पढ़ाई वाकई ज्यादा उत्पादक (Productive) है? इस सवाल के जवाब में बीएसी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर चुके और नीट एस्पिरेंट शिवम कुमार ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि मुझे लगता है हर व्यक्ति का 'क्रोनोटाइप' ( Chronotype ) अलग होता है। कुछ लोग 'मॉर्निंग पर्सन' होते हैं और कुछ 'नाइट आउल'। मैं रचनात्मक कार्यों (Creative Writing) के लिए रात का समय बेहतर मानता हूं क्योंकि उस समय दिमाग पर बाहरी दबाव कम होता है। रटने वाले विषयों या लॉजिकल रीजनिंग के लिए सुबह का समय अधिक प्रभावी होता है क्योंकि सोकर उठने के बाद दिमाग 'फ्रेश' और 'रिसेट' मोड में होता है।

आपने NEET परीक्षा को ही अपने करियर के रूप में क्यों चुना? इसके पीछे की मुख्य प्रेरणा क्या थी? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा मेरा सपना हमेशा से ही डॉक्टर बनने का रहा है और इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए मैंने दिन-रात एक कर दी है। पिछले चार वर्षों से मैं निरंतर नीट (NEET) की तैयारी कर रहा हूँ। एकाग्रता के लिए मैंने अपनी पढ़ाई का ज्यादातर समय रात को ही चुना है, इसलिए मैं खुद को एक 'नाइट आउल' (Night Owl) कहना पसंद करता हूँ। मेरी इस मेहनत के पीछे की सबसे बड़ी प्रेरणा मेरी मां हैं। हमारे घर की परिस्थितियां काफी चुनौतीपूर्ण रही हैं। मेरी मां एक लेबेर (Labourer) हैं, लेकिन उनके हौसले बहुत ऊंचे हैं। वह चाहती हैं कि मैं एक सफल डॉक्टर बनकर न केवल अपना भविष्य संवारूं, बल्कि समाज सेवा के जरिए दीन-दुखियों का उद्धार भी करूं।

एक एस्पिरेंट के लिए सबसे बड़ी चुनौती सिलेबस को कवर करना होता है। आपने अपने विशाल सिलेबस को छोटे-छोटे हिस्सों में कैसे बांटा? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा यह सच है कि नीट (NEET) का सिलेबस किसी पहाड़ जैसा विशाल लगता है। मैंने इसे कवर करने के लिए 'माइक्रो-प्लानिंग' का सहारा लिया। सबसे पहले, मैंने पूरे सिलेबस को 'मजबूत', 'औसत' और 'कमजोर' विषयों में बांटा। मैंने महीने के बड़े लक्ष्यों को साप्ताहिक (Weekly) और फिर दैनिक (Daily) 'टू-डू लिस्ट' में बदल दिया। रात में पढ़ते समय मेरा एक ही नियम था। जब तक आज का निर्धारित छोटा हिस्सा (जैसे बायोलॉजी का एक चैप्टर या फिजिक्स के 50 न्यूमेरिकल) पूरा नहीं होगा, तब तक मैं नहीं सोऊंगा। इसके अलावा, मैंने 'पोमोडोरो तकनीक' अपनाई ताकि लंबे समय तक पढ़ते हुए दिमाग थके नहीं। मैंने भारी-भरकम किताबों के बजाय खुद के बनाए 'फ्लो-चार्ट्स' और 'शॉर्ट नोट्स' पर भरोसा किया। इससे बड़े टॉपिक्स को दोहराना आसान हो गया।

आजकल ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई के बहुत सारे विकल्प हैं। आप किस माध्यम को ज्यादा प्रभावी मानते हैं और क्यों? इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा मैंने ऑनलाइन माध्यम को चुना क्योंकि मेरी घर की परिस्थितियां मुझे बाहर रहकर महंगी कोचिंग करने की अनुमति नहीं देती थीं। ऑनलाइन पढ़ाई ने मुझे देश के बेहतरीन शिक्षकों से जुड़ने और अपने 'नाइट आउल' रूटीन के अनुसार पढ़ने की आजादी दी। हालांकि, ऑफलाइन में एक प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है, लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई अधिक किफायती और समय बचाने वाली है। बस इसके लिए खुद पर नियंत्रण और इंटरनेट के भटकाव से बचना जरूरी है।

Published on:
18 Apr 2026 04:32 pm
Also Read
View All