
Kartik Poornima : देश में ऐसे कई प्राचीन मंदिर हैं, जिनसे जुड़ी परंपराएं और मान्यताएं सदियों से लोगों की आस्था का केंद्र बनी हुई हैं। लेकिन मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक ऐसा मंदिर है, जिसके पट सालभर में सिर्फ एक बार खुलते हैं। वह भी महज 24 घंटे के लिए।
खास बात यह है कि मंदिर के पट खुलने का इंतजार श्रद्धालु पूरे साल करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की रात जैसे ही घड़ी में 12 बजते हैं, जीवाजीगंज स्थित भगवान कार्तिकेय मंदिर के पट खुल जाते हैं और इसके साथ ही शुरू हो जाते हैं दर्शन। आधी रात से ही मंदिर के बाहर भक्तों की कतारें लग जाती हैं। कोई परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लेकर पहुंचता है तो कोई अपनी वर्षों पुरानी मन्नत पूरी होने पर भगवान के प्रति आभार जताने आता है। इस बार भगवान कार्तिकेय मंदिर सोमवार रात खुलेगा।
करीब 417 साल पुराने इस मंदिर की पहचान सिर्फ इसकी प्राचीनता नहीं, बल्कि साल में एक दिन दर्शन की अनूठी परंपरा भी है। सामान्य दिनों में मंदिर के पट बंद रहते हैं और श्रद्धालुओं को भगवान कार्तिकेय के दर्शन के लिए कार्तिक पूर्णिमा का इंतजार करना पड़ता है। यही वजह है कि इस एक दिन ग्वालियर का यह मंदिर देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का बड़ा केंद्र बन जाता है। मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली सहित कई राज्यों से भक्त यहां पहुंचते हैं।
ग्वालियर के जीवाजीगंज क्षेत्र में स्थित भगवान कार्तिकेय का यह मंदिर अपनी अलग धार्मिक परंपरा के लिए जाना जाता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी विश्वास के चलते श्रद्धालु सालभर इस विशेष दिन का इंतजार करते हैं।
मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां सामान्य मंदिरों की तरह प्रतिदिन दर्शन की व्यवस्था नहीं है। कार्तिक पूर्णिमा की मध्यरात्रि को विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट खोले जाते हैं। इसके बाद लगातार 24 घंटे तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकते हैं। निर्धारित समय पूरा होने पर मंदिर के पट फिर बंद कर दिए जाते हैं। इस अनूठी परंपरा ने मंदिर को ग्वालियर ही नहीं, बल्कि देशभर में अलग पहचान दिलाई है।
जीवाजीगंज स्थित भगवान कार्तिकेय मंदिर करीब 400 साल से अधिक पुराना बताया जाता है। मंदिर के लगभग पुजारी पंडित दिनेश और बसंत शर्मा के अनुसार, मंदिर की स्थापना किसने और कब कराई, इसका कोई प्रमाणिक लिखित दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया,मंदिर की प्राचीनता और इससे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं इसे शहर के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में शामिल करती हैं। स्थानीय लोगों के लिए यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं है, बल्कि कई पीढिय़ों की आस्था और विश्वास से जुड़ा हुआ है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां उमडऩे वाली भीड़ इस बात का प्रमाण है कि समय के साथ मंदिर की लोकप्रियता कम होने के बजाय बढ़ती गई है।
इस मंदिर में दर्शन का नजारा भी बेहद खास होता है। कार्तिक पूर्णिमा की रात जैसे-जैसे 12 बजने का समय नजदीक आता है, मंदिर के आसपास श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगती है। कई भक्त रात में ही पहुंचकर कतार में खड़े हो जाते हैं, ताकि पट खुलते ही भगवान कार्तिकेय के दर्शन कर सकें।
मध्यरात्रि में विशेष पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के पट खोले जाते हैं। इसके साथ ही दर्शन का सिलसिला शुरू हो जाता है। श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर फूल, प्रसाद और पूजा सामग्री अर्पित करते हैं। कई लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों के साथ यहां पहुंचते हैं। भक्तों की मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मंदिर के पट केवल 24 घंटे के लिए खुलने के कारण श्रद्धालुओं के पास दर्शन का सीमित समय होता है। इसलिए दूर-दराज से आने वाले भक्त भी इस अवसर को नहीं गंवाना चाहते।
कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान कार्तिकेय मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में केवल ग्वालियर और आसपास के जिलों के लोग ही शामिल नहीं होते। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली सहित देश के अलग-अलग हिस्सों से भक्त यहां पहुंचते हैं। कई परिवार ऐसे भी हैं, जो वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान के दर्शन करने ग्वालियर आते हैं। उनके लिए यह एक धार्मिक परंपरा बन चुकी है। मंदिर की साल में एक बार खुलने वाली व्यवस्था और मनोकामना पूरी होने की मान्यता श्रद्धालुओं को यहां खींच लाती है।
भगवान कार्तिकेय मंदिर में सामान्य तौर पर कार्तिक पूर्णिमा की मध्यरात्रि को ही पट खोलने की परंपरा है। हालांकि, पिछले वर्ष चंद्रग्रहण के कारण इस परंपरा के समय में बदलाव करना पड़ा था। ग्रहण के चलते पंचांग के अनुसार पूजा-विधान एक दिन पहले संपन्न कराए गए थे। इसी वजह से मंदिर के पट भी निर्धारित तिथि से एक दिन पहले मध्यरात्रि 12 बजे खोले गए थे।
ग्वालियर का यह प्राचीन मंदिर अपनी अनूठी परंपरा, करीब 400 साल पुराने इतिहास और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के कारण खास पहचान रखता है। साल के 365 दिनों में सिर्फ 24 घंटे दर्शन का अवसर मिलने की वजह से कार्तिक पूर्णिमा यहां एक बड़े धार्मिक आयोजन का रूप ले लेती है। आधी रात को खुलते मंदिर के पट और दर्शन के लिए उमड़ते हजारों श्रद्धालु ग्वालियर की धार्मिक विरासत की एक अलग तस्वीर पेश करते हैं।