Patrika Special News

Dust Pollution : ग्वालियर में धूल पर भी वीआइपी ट्रीटमेंट! एक विधानसभा से उठा ली 40 क्विंटल धूल, बाकी शहर धूल फांकने को मजबूर

Dust Pollution : ग्वालियर नगर निगम ने 160 में से 95 सड़कों की सफाई कर 8.5 टन धूल उठाने का दावा किया है, लेकिन कई इलाकों में अब भी धूल के गुबार मौजूद हैं। डीडी नगर और सिटी सेंटर में एक्यूआई 300 पार होने से वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस बारे में पढ़िए प्रवेन्द्र तोमर की खास रिपोर्ट।
4 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:42 AM IST
Gwalior cleaning
ग्वालियर शहर की सफाई में भेदभाव (Photo: Rajasthan Patrika)

Dust Pollution : ग्वालियर शहर में साफ हवा और धूलमुक्त सड़कों का हक क्या सिर्फ वीआईपी इलाकों को है? क्या आम आदमी के हिस्से में धूल के गुबार और प्रदूषण ही आएंगे? नगर निगम के डस्ट फ्री रोड अभियान के आंकड़े ऐसे ही सवाल खड़े कर रहे हैं। निगम 160 चिन्हित प्रमुख सड़कों में से 95 की सफाई कर 8,500 किलोग्राम यानी 8.5 टन धूल उठाने का दावा कर रहा है। लेकिन इस सफाई में भी ऐसा अंतर सामने आया है कि अकेले ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से 4,000 किलो धूल उठा ली गई, जबकि ग्वालियर ग्रामीण की सिर्फ पांच सड़कों से 600 किलो धूल ही हटाई गई।

यानी जिन सड़कों से अफसरों और जनप्रतिनिधियों का काफिला गुजरता है, वहां सफाई मशीनें दौड़ रही हैं, लेकिन शहर के दूसरे हिस्सों में लोग धूल के गुबार के बीच सफर करने को मजबूर हैं। बहोड़ापुर तिराहा, शिंदे की छावनी, जीवाजीगंज, नई सड़क और एबी रोड जैसे व्यस्त इलाकों में सड़क किनारे और डिवाइडरों पर जमा मिट्टी वाहनों के गुजरते ही हवा में उड़ने लगती है। दोपहिया वाहन चालकों की आंखों में धूल चुभ रही है और राहगीरों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। ऐसे में सवाल सिर्फ सफाई का नहीं, बल्कि नगर निगम की प्राथमिकताओं का भी है।

ग्वालियर पूर्व में 40 क्विंटल धूल, ग्रामीण क्षेत्र में सिर्फ 6 क्विंटल

नगर निगम के विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े सफाई अभियान की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल खड़े करते हैं। ग्वालियर पूर्व में सबसे ज्यादा 4,000 किलो धूल उठाई गई। इसके मुकाबले ग्रामीण क्षेत्र में महज 600 किलो धूल हटाई गई।

किस विधानसभा में कितनी सफाई हुई?

ग्वालियर पूर्व: 45 प्रमुख मार्गों से 4,000 किलो (40 क्विंटल) धूल उठाई गई। गांधी रोड, एसपी ऑफिस मार्ग, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय रोड और रेसकोर्स मेला रोड पर सफाई कराई गई।

ग्वालियर दक्षिण: 26 सड़कों से 2,400 किलो (24 क्विंटल) धूल हटाई गई। कस्तूरबा चौराहे से कंपू और एक हजार बिस्तर अस्पताल मार्ग के डिवाइडरों की सफाई हुई।

ग्वालियर विधानसभा: उपनगर क्षेत्र के 20 मार्गों से 1,680 किलो धूल उठाई गई।

ग्वालियर ग्रामीण: सिर्फ पांच सड़कों से 600 किलो (6 क्विंटल) धूल हटाई गई।

आंकड़ों के मुताबिक ग्वालियर पूर्व में ग्रामीण क्षेत्र की तुलना में करीब सात गुना धूल उठाई गई। हालांकि धूल की मात्रा सड़क की लंबाई, चौड़ाई, यातायात और वहां जमा गंदगी पर भी निर्भर करती है। इसलिए सिर्फ धूल की मात्रा से भेदभाव साबित नहीं होता, लेकिन सफाई के दायरे और नियमितता को लेकर सवाल जरूर उठते हैं। आखिर ग्रामीण और घनी आबादी वाले क्षेत्रों की सड़कों पर सफाई का शेड्यूल क्या है?

इन इलाकों में सफाई, यहां छाए रहते हैं धूल के गुबार

एक तरफ ग्वालियर पूर्व की गांधी रोड, एसपी ऑफिस मार्ग और रेसकोर्स मेला रोड पर विशेष सफाई कराई गई, वहीं दूसरी तरफ बहोड़ापुर तिराहा, शिंदे की छावनी, दूलपुर रोड, जीवाजीगंज मुख्य मार्ग, पहोवा वाली सड़क, कटोराताल, नई सड़क, समाधिया कॉलोनी और एबी रोड पर धूल की समस्या बनी हुई है।

इन इलाकों में सड़क किनारे और डिवाइडरों के पास मिट्टी जमा है। भारी वाहनों और ई-रिक्शों के गुजरने के साथ ही मिट्टी हवा में फैलने लगती है। दोपहिया वाहन चालक मुंह पर कपड़ा बांधकर निकलने को मजबूर हैं। कई जगह सफाई के बाद भी मिट्टी उठाने और पानी का छिड़काव करने की नियमित व्यवस्था नजर नहीं आती।

दरअसल, सड़क पर झाड़ू लगाने से धूल की समस्या खत्म नहीं होती। यदि मशीन से उठाई गई मिट्टी को पूरी तरह हटाया नहीं जाए और उसके बाद पानी का छिड़काव न हो तो धूल दोबारा हवा में फैलने लगती है। ऐसे में डस्ट फ्री अभियान की असली परीक्षा यह है कि सफाई के बाद सड़क कितनी देर तक धूलमुक्त रहती है।

22.5 टन धूल उठाने का दावा, फिर भी एक्यूआइ 300 पार

नगर निगम के अनुसार अभियान के तहत 8.5 टन धूल उठाई गई। इसके अलावा 21 नवंबर को आठ प्रमुख सड़कों सहित शहर के अन्य मार्गों पर विशेष डस्ट क्लीनिंग कराई गई। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने इस दिन 14 टन से अधिक धूल उठाने का दावा किया है। दोनों आंकड़ों को जोड़ें तो 22.5 टन से अधिक धूल हटाने की बात सामने आती है। इसके बावजूद शहर में प्रदूषण और धुंध की समस्या बनी हुई है। डीडी नगर और सिटी सेंटर मॉनिटरिंग स्टेशन पर AQI 300 के पार पहुंचने की स्थिति बताई गई है, जबकि शहर का समग्र एक्यूआइ 250 से ऊपर बना हुआ है।

इन आठ प्रमुख सड़कों पर कराई विशेष सफाई

मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव के अनुसार 21 नवंबर को मुरार रोड, काल्पी ब्रिज रोड, ऊंट पुल से गुब्बारा फाटक मार्ग, तानसेन रोड से लालबत्ती रेसकोर्स रोड, झांसी रोड वार्ड क्रमांक 59, गोले का मंदिर रोड, एसएएफ रोड और ट्रांसपोर्ट नगर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर विशेष डस्ट क्लीनिंग कराई गई। निगम का दावा है कि इन मार्गों पर सफाई के लिए विशेष संसाधन लगाए गए।

पत्रिका व्यू : सिर्फ वीआईपी का नहीं, पूरे शहर का है सांसों पर हक

नगर निगम के ‘डस्ट फ्री अभियान’ का यह दोहरा रवैया न सिर्फ चिंताजनक है, बल्कि शहरी जनस्वास्थ्य के प्रति आपराधिक लापरवाही भी है। क्या साफ हवा और धूलमुक्त सड़कों का हक केवल उन वीआईपी और पॉश इलाकों तक सीमित है, जहां अफसरों और माननीयों की गाड़ियां दौड़ती हैं? कागजों में 22 टन से अधिक धूल उठाने के भारी-भरकम दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि शहर का एक्यूआई लगातार 250 से 300 के खतरनाक स्तर पर झूल रहा है। जब तक घनी आबादी वाले बाजारों, उपनगरों और ग्रामीण वार्डों की संकरी व बदहाल सड़कों पर मैकेनाइज्ड स्वीपिंग और दिन में कम से कम दो बार पानी का नियमित छिड़काव (स्प्रिंकलिंग) नहीं होगा, तब तक झाड़ू लगाकर धूल के ढेर खड़े करने की यह कवायद केवल फोटो खिंचवाने और औपचारिकता निभाने तक सीमित रहेगी। प्रदूषण किसी का पद या इलाका देखकर हमला नहीं करता; इसलिए नगर निगम को अपनी प्राथमिकताएं तुरंत बदलनी होंगी। शहर के हर नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना निगम का संवैधानिक दायित्व है, कोई अहसान नहीं।

Updated on:
25 Nov 2026, 11:42 AM IST
Published on:
Also Read
View All