
Tourism Kota : कोटा की चंबल की पहचान सिर्फ नदी, बैराज और जलापूर्ति के स्रोत तक सीमित नहीं है। चंबल की लहरों के बीच एक ऐसी दुर्लभ वन्यजीव दुनिया भी बसती है, जो प्रकृति प्रेमियों, पक्षी प्रेमियों और पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखती है।
यहां नदी में घड़ियाल, मगरमच्छ, डॉल्फिन, ऊदबिलाव, कछुए और कई तरह की मछलियों के साथ नदी के किनारों व आसमान में विचरण करते पक्षियों की दुनिया भी देखने को मिलती है, जो पर्यटकों को लुभाती है। कोई भी पर्यटक एक बार चंबल की सफारी कर लेता है, वह देश के अन्य पर्यटन स्थलों को भूल जाता है। चंबल राजस्थान की एकमात्र सदानीरा नदी है।
देश की सबसे स्वच्छ और अपेक्षाकृत प्राकृतिक नदी प्रणालियों में शामिल चंबल का यह पारिस्थितिकी तंत्र कोटा के लिए पर्यटन की ऐसी संभावनाएं खोलता है, जिस पर अभी और व्यवस्थित तरीके से काम किया जा सकता है। यदि नदी को प्रकृति आधारित पर्यटन, नियंत्रित बोट सफारी, वन्यजीव अवलोकन, फोटोग्राफी, पर्यावरण शिक्षा और नदी किनारे पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए तो चंबल कोटा की पर्यटन पहचान का नया आकर्षण बन सकती है।
चंबल की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राकृतिक विविधता है। नदी के अलग-अलग हिस्सों में पानी की गहराई, चट्टानी क्षेत्र, रेतीले किनारे, टापू और शांत जलधाराएं जलीय जीवों के लिए अनुकूल आवास तैयार करते हैं। इसी प्राकृतिक वातावरण में घड़ियाल और मगरमच्छ नदी किनारे धूप सेंकते नजर आते हैं, जो पर्यटकों को खासे लुभाते हैं। पर्यटक दुर्लभ वन्यजीव देखकर रोमांचित हो जाते हैं।
घड़ियाल चंबल की पहचान माने जाते हैं। लंबी और पतली थूथन वाला यह जीव सामान्य मगरमच्छों से अलग दिखाई देता है। नदी के रेतीले किनारे और शांत पानी इनके प्राकृतिक जीवन के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। घड़ियाल को उसके प्राकृतिक आवास में देखना पर्यटकों के लिए वन्यजीवों को करीब से समझने का अनूठा अवसर है।
यों तो कोटा जिले में पर्यटन के कई स्थान है। लेकिन कुछ ऐसी भी जगह है जो सभी का मन मोह लेती है। छुपी हुई होने से बहुत कम लोग इन्हें जानते हैं। बात सुल्तानपुर क्षेत्र की करे तो कोटा शहर के बाद गांवों में चंबल नदी का नाम बदल जाता है और यह चर्मण्यवती कही जाने लगती है। यही नदी अपने आपमें कई सारे रहस्य समेटे हुए हैं। इन्हीं में से एक छुपा हुआ पर्यटक स्थल है कोटा जिले के सुल्तानपुर क्षेत्र का जामुनिया बाग।
कोटा जिले की सुल्तानपुर पंचायत समिति की कोटसुआ ग्राम पंचायत के बालापुरा गांव में चंबल नदी के बीचों बीच यह आइलैंड स्थित है। यहां कलकल बहती चंबल नदी के बीच बना जामुनिया द्वीप जैव विविधता का बेशकीमती खजाना है। यहां जामुन के पेड़ काफी हैं, इसलिए इसे जामुनिया द्वीप कहा जाने लगा। यहां पानी की गहराई काफी ज्यादा है। नदी ने यहां एक बड़े दह (गहरा जलकुंड या भंवर) का रूप ले लिया है, जहां मगरमच्छों की बड़ी बस्तियां हैं। इन टापुओं पर हरियाली के बीच मगरमच्छों को धूप सेंकते देखना रोमांच से भर देता है।
जामुनिया द्वीप क्रोकोडायल्स का ही नहीं,देशी-विदेशी परिंदों का भी घर है। इन्हें इठलाते, आशियाना बनाते देखा जा सकता है। चंबल के बीच यह प्राकृतिक स्थल इको टूरिज्म का प्वाइंट है। हरी-भरी वादियों के बीच बोट में सवार होकर टापुओं पर धूप सेंकते मगरमच्छों और परिंदों का स्वच्छंद विचरण पर्यटकों के लिए अनूठा अनुभव है। जामुनिया द्वीपों के कुंज में 300 से अधिक मगरमच्छ मौजूद हैं। गांवों के लोगों को मगरमच्छों से कोई खतरा नहीं है। ग्रामीण कन्हैयालाल मीणा और नाविक छीतरलाल का कहना है कि वे सालों से नदी के उस पार आते-जाते रहते हैं, पर आज तक किसी मगरमच्छ ने हमला नहीं किया।
वर्ष भर कलकल बहती चर्मण्यवती नदी का पानी जामुनिया द्वीप पर आकर यहां की प्राकृतिक खूबसूरती को देखकर मानो ठहर सा जाता है। यहां पर पानी की गहराई अधिक होने से एक बड़े दह का रूप ले लिया है। भरतपुर केवलादेव अभ्यारण से बड़ी संख्या में जांघिल यहां आते हैं । प्रकृति की सुंदरता व पक्षी और मगरमच्छों को देखने के लिए पर्यटक लालायित रहते हैं। यदि इस स्थान को इको-टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाए तो यह हाड़ौती का ही नहीं, बल्कि राजस्थान का प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थल बन सकता है। इस स्थान के अनुकूल वातावरण के चलते यहां सर्दियों में विभिन्न प्रजाति के प्रवासी पक्षियों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां जांगील व ओपन बिल स्टोर्क जैसे स्थानीय पक्षियों का स्थाई बसेरा भी है, जो जामुन व देशी बबूल के पेड़ों पर नेस्टिंग करते हैं।
चंबल की जलीय दुनिया में ऊदबिलाव (ओटर) भी प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण है। पानी में फुर्ती से तैरने, गोता लगाने और समूह में गतिविधियां करने वाला यह जीव नदी के पारिस्थितिकी तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऊदबिलाव का जीवन नदी में उपलब्ध मछलियों और अन्य जलीय संसाधनों से जुड़ा है। नदी के किनारे या पानी में अचानक दिखाई देने वाला ऊदबिलाव पर्यटकों के लिए कैमरे में कैद करने लायक दृश्य बनता है। नदी के प्राकृतिक किनारों, शांत जल और पर्याप्त भोजन वाले क्षेत्रों में इनकी गतिविधियां देखने का अवसर मिल सकता है।
एनवायर्नमेंट और इकोलॉजी एक्सपर्ट डॉ. सुधीर गुप्ता ने पत्रिका से बातचीत में कहा कि चंबल नदी में अपूर्व पर्यटन संभावनाएं है। चंबल घड़ियालों, मगरमच्छ, उदबिलाव और डॉल्फिन के लिए जाना जाता है, जो इसे इको-टूरिज्म का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना सकता है। नदी के किनारे प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखती है। यदि उचित बुनियादी ढांचा विकसित किया जाए और वन्यजीव के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए, तो यह क्षेत्र स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए नए अवसर विकसित कर सकता है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।