Patrika Special News

Mini Pushkar : मिनी पुष्कर में आस्था का स्नान, कभी यहां गधों की होती थी खरीद फरोख्त, अब पशुओं का कारोबार

राजस्थान का प्रसिद्ध मांडकला पशु एवं व्यापारी मेला आस्था, परंपरा और कारोबार का अनूठा संगम है। कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होकर करीब एक महीने तक चलने वाले इस मेले में महर्षि मांडव की तपोभूमि मिनी पुष्कर में श्रद्धालु पवित्र सरोवर में डुबकी लगाते हैं, वहीं देश के विभिन्न राज्यों से आए पशु व्यापारी खरीद-फरोख्त करते हैं। इस बारे में पढ़िए गिर्राज शर्मा की विशेष रिपोर्ट।
7 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:28 PM IST
Animal fare at mini Pushkar
यहां लगता है मांडकला पशु एवं व्यापारी मेला (Photo: Patrika)

Mini Pushkar : एक ओर पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाते श्रद्धालु, मंदिरों में गूंजते मंत्र और दीपदान से जगमगाता तीर्थस्थल, तो दूसरी ओर मैदान में पशुओं की खरीद-फरोख्त करते व्यापारी, मोलभाव करते खरीदार और दूर-दराज से सजी अस्थायी दुकानों की कतारें…। धर्म, आस्था, परंपरा और कारोबार का ऐसा अनूठा संगम राजस्थान के टोंक जिले के प्राचीन कस्बे नगरफोर्ट के समीप स्थित मांडकला तीर्थ में देखने को मिलता है।

क्यों इसे कहते हैं मिनी पुष्कर?

महर्षि मांडव (मांडव्य) की तपोभूमि के रूप में प्रसिद्ध इस स्थान को मिनी पुष्कर के नाम से जाना जाता है। यहां कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होने वाला विराट पशु एवं व्यापारी मेला अब एक माह तक भरता है। कभी सात दिन से शुरू हुआ यह मेला समय के साथ 15 दिन, फिर 24 दिन और अब पूरे एक माह तक पहुंच गया है। मेले की बढ़ती प्रसिद्धि का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पशुओं के व्यापार के लिए राजस्थान के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और हरियाणा तक से व्यापारी यहां पहुंचते हैं। वहीं आसपास के गांवों और कस्बों के हजारों लोगों के लिए यह मेला धार्मिक यात्रा के साथ खरीदारी और मेल-मिलाप का बड़ा अवसर भी बन गया है।

कार्तिक पूर्णिमा पर ध्वजारोहण के साथ होता है आगाज

मांडकला के प्रसिद्ध मेले का शुभारंभ कार्तिक पूर्णिमा से होता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज की विधिवत पूजा-अर्चना कर झंडा लहराया जाता है और इसके साथ ही मेले की शुरुआत होती है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। पवित्र सरोवर में स्नान, दीपदान और मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाता है। श्रद्धालु भगवान को लड्डू-बाटी का भोग लगाकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां का वातावरण पूरी तरह धर्ममय नजर आता है। सरोवर के किनारे श्रद्धालुओं की आवाजाही और मंदिरों में पूजा-अर्चना का दृश्य इस तीर्थस्थल की धार्मिक महत्ता को दर्शाता है।

सात दिन से एक माह तक पहुंचा मेले का सफर

मांडकला का मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बदलते समय के साथ विस्तार पाती ग्रामीण परंपरा और व्यापार का भी प्रतीक है। स्थानीय जानकारों के अनुसार, पहले यह मेला कार्तिक पूर्णिमा से केवल सात दिन तक लगता था। धीरे-धीरे मेले की प्रसिद्धि बढ़ने लगी और पशुओं की आवक में भी इजाफा होने लगा। इसके बाद मेले की अवधि बढ़कर 15 दिन हुई। फिर यह 24 दिन तक लगने लगा और अब यहां एक माह तक मेला भरता है।

Photo: Rajasthan Patrika

देवउठनी एकादशी से ही शुरू हो जाती तैयारियां

मेले की तैयारियां देवउठनी एकादशी से ही शुरू हो जाती हैं। ग्राम पंचायत की ओर से अस्थायी दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है। मेले में करीब 200 अस्थायी दुकानों का आवंटन किया जाता है। इनमें परचूनी, हलवाई, कपड़े, ठठेरा, सर्राफा, बर्तन, लोहे के सामान सहित जलेबी, पान, कचोरी और चाय की दुकानें सजती हैं। जयपुर, टोंक, नैनवां, बूंदी, कोटा, अजमेर और सवाईमाधोपुर सहित कई शहरों से व्यापारी यहां पहुंचते हैं। मेले में खरीदारी के लिए आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। एक माह तक चलने वाला यह मेला स्थानीय लोगों के लिए खरीदारी, मनोरंजन और सामाजिक मेल-मिलाप का भी खास अवसर बन जाता है।

देशभर से यहां पहुंचते हैं व्यापारी

मांडकला मेले की सबसे बड़ी पहचान इसका विराट पशु मेला है। यहां पशुपालक अपने पशुओं को बेचने और खरीदार अच्छे पशुओं की तलाश में पहुंचते हैं। मेले में गाय, भैंस, नंदी, बैल, ऊंट और घोड़े सहित विभिन्न प्रकार के पशुओं की खरीद-फरोख्त होती है। पहले यहां सभी प्रकार के पशुओं की बड़ी आवक होती थी, लेकिन समय के साथ पशुओं की संख्या और किस्मों में बदलाव आया है।

Photo: Rajasthan Patrika

स्थानीय लोगों के अनुसार, अब गायों और ऊंटों की आवक पहले की तुलना में कम हो गई है, जबकि अन्य पशु मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में पशुओं की खरीदारी का सिलसिला विशेष रूप से शनिवार और रविवार को जोर पकड़ता है। इन दिनों खरीदारों और व्यापारियों की आवाजाही बढ़ जाती है। पशुओं को खरीदने के लिए राजस्थान के विभिन्न जिलों के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और हरियाणा सहित कई राज्यों से व्यापारी पहुंचते हैं। पशुपालक अपने पशुओं के साथ मेले में डेरा डालते हैं। खरीदार पशुओं की नस्ल, शारीरिक बनावट और उपयोगिता देखकर कीमत तय करते हैं। मोलभाव के बाद पशुओं का सौदा होता है। इस तरह मांडकला का मेला पशुपालकों और व्यापारियों के लिए पारंपरिक कारोबार का बड़ा केंद्र बना हुआ है।

ग्राम पंचायत को लाखों की आय

मांडकला का विराट मेला ग्राम पंचायत नगरफोर्ट की ओर से आयोजित किया जाता है। मेले में अस्थायी दुकानों के आवंटन और अन्य व्यवस्थाओं से ग्राम पंचायत को लाखों रुपए की आय होती है। वहीं पंचायत की ओर से मेले में आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रोशनी और सफाई की व्यवस्था करवाई जाती है। एक माह तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, व्यापारियों और खरीदारों की आवाजाही रहती है। ऐसे में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखना भी पंचायत के लिए महत्वपूर्ण रहता है। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन संभालता है। नगरफोर्ट थाने के साथ अन्य थानों का पुलिस जाप्ता भी तैनात रहता है। धार्मिक आयोजन और पशु व्यापार दोनों के चलते यहां अलग-अलग क्षेत्रों से लोगों का जमावड़ा रहता है। ऐसे में मेले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से निगरानी रखी जाती है।

धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता का अनूठा संगम

नगरफोर्ट के पूर्व-उत्तर दिशा में स्थित मांडकला केवल पशु एवं व्यापारी मेले के लिए ही प्रसिद्ध नहीं है, बल्कि यह प्राचीन धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सुंदरता का भी अनूठा केंद्र है। महर्षि मांडव की तपोभूमि होने के कारण इस स्थान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। यहां दूर-दराज से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यताओं में इस तीर्थस्थल की महिमा तीर्थराज पुष्कर के समान मानी जाती है। इसी कारण इसे मिनी पुष्कर के नाम से भी जाना जाता है।

तीर्थस्थल का प्रमुख आकर्षण

मांडकला के मध्य स्थित पवित्र सरोवर इस तीर्थस्थल का प्रमुख आकर्षण है। सरोवर के चारों ओर करीब दो दर्जन मंदिर बने हुए हैं, जो अपनी बनावट और वास्तुकला के कारण आकर्षित करते हैं। सरोवर के चारों ओर मंदिरों की श्रृंखला और बीच में स्थित टापू यहां की सुंदरता को अलग पहचान देते हैं। मान्यता है कि इसी टापू पर महर्षि मांडव ने तपस्या की थी। सरोवर में देश-विदेश से आने वाले पक्षियों का विचरण भी देखने को मिलता है। यहां की एक विशेष मान्यता यह भी है कि इस सरोवर में मेंढक नहीं पाए जाते हैं। श्रद्धालु इस मान्यता को भी तीर्थस्थल की विशेषता से जोड़कर देखते हैं।

मांडव ऋषि की तपस्या से जुड़ी है तीर्थस्थल की पहचान

स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महर्षि मांडव ने प्राचीन समय में इस क्षेत्र में घोर तपस्या की थी। कहा जाता है कि अजमेर शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर जंगलों में मांडव ऋषि ने जब तपस्या प्रारंभ की तो उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपने तप और त्याग के बल पर ऐसा पवित्र तीर्थ विकसित करेंगे, जिसकी महिमा तीर्थराज पुष्कर से किसी भी प्रकार कम नहीं होगी। मान्यता है कि इसके बाद मांडव ऋषि ने अपनी तपस्या और दिव्य दृष्टि से इस स्थान को खोजा तथा प्राचीन धारा नगरी के वर्तमान नगरफोर्ट क्षेत्र के घने जंगलों में कई वर्षों तक साधना की। इसी तपोभूमि को आज मांडकला के नाम से जाना जाता है। यह स्थान प्राचीन मानव खेड़ा सभ्यता से जुड़े क्षेत्र का भी महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। धार्मिक आस्था, प्राचीन अवशेष और प्राकृतिक परिवेश यहां के महत्व को और बढ़ाते हैं।

सालभर होते हैं धार्मिक आयोजन

मांडकला में वर्षभर धार्मिक गतिविधियां और आयोजन होते रहते हैं। यहां संत रामदास की ओर से स्थापित हनुमान टेकड़ी तथा संत बगरू बालाजी आश्रम भी श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। आश्रम परिसर में कई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित हैं। यहां तक पहुंचने के लिए पुलिया बनी हुई है। धार्मिक आयोजनों के चलते क्षेत्र में संतों का आवागमन भी बना रहता है। श्रद्धालु यहां पहुंचकर दर्शन-पूजन करते हैं और आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते हैं।

मंदिर के शिलालेख में दर्ज है संवत् 1043 का उल्लेख

मांडकला तीर्थ का संबंध प्राचीन खेड़ा सभ्यता से भी जोड़ा जाता है। नगरफोर्ट क्षेत्र में प्राचीन अवशेषों की मौजूदगी इस इलाके के ऐतिहासिक महत्व को दर्शाती है। यहां सत्यनारायण भगवान के मंदिर में एक शिलालेख भी मौजूद है, जिस पर धार्मिक मंत्र और यंत्र अंकित हैं। इस शिलालेख में संवत् 1043 में अक्षय तृतीया के अवसर पर हुए बड़े धार्मिक आयोजन का उल्लेख बताया जाता है। शिलालेख की कुछ पंक्तियां ही पढ़ी जा सकी हैं, जबकि शेष लेख अभी तक पूरी तरह पढ़ा जाना संभव नहीं हुआ है। यह शिलालेख क्षेत्र के प्राचीन धार्मिक इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर माना जाता है।

सूली पर चढ़ाए जाने के बाद भी जीवित रहे थे महर्षि मांडव

हिंदू पौराणिक कथाओं और मान्यताओं में महर्षि मांडव (मांडव्य) को महान तपस्वी, विद्वान और धर्मात्मा ऋषि के रूप में जाना जाता है। महाभारत के आदि पर्व में उनके जीवन से जुड़ा प्रसंग मिलता है। कथानुसार, एक बार उन्हें चोर समझकर सूली पर चढ़ा दिया गया था। लेकिन तपस्या के प्रभाव से वे जीवित रहे। सूली का एक हिस्सा उनके शरीर में रह जाने के कारण वे अणीमांडव्य कहलाए। मान्यता है कि इस घटना के बाद उन्होंने धर्मराज यम को शाप दिया था, जिसके परिणामस्वरूप यम ने विदुर के रूप में जन्म लिया। महर्षि मांडव की इसी तपस्या और त्याग की परंपरा से मांडकला तीर्थ की धार्मिक पहचान जुड़ी हुई है।

Photo: Rajasthan Patrika

कभी टीले पर लगता था गधों का मेला

मांडकला मेले का इतिहास भी कई रोचक परंपराओं को अपने भीतर समेटे हुए है। स्थानीय जानकारों के अनुसार, जब से महर्षि मांडव ने अपनी तपस्या से इस स्थान को तीर्थ के रूप में विकसित किया और यहां सरोवर का निर्माण हुआ, तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। बाद में राजाओं की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां मेले का आयोजन शुरू करवाया गया। समय के साथ धार्मिक गतिविधियों के साथ पशुओं और विभिन्न सामानों का क्रय-विक्रय भी बढ़ता गया। जानकारों के अनुसार, पहले यहां किलखारी माता के टीले पर गधों का मेला भी लगता था। समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे समाप्त हो गई। हालांकि पशु व्यापार की पहचान आज भी मांडकला मेले से जुड़ी हुई है। अब यहां गाय, भैंस, नंदी, बैल, ऊंट और घोड़ों सहित विभिन्न पशुओं का व्यापार होता है।

आस्था की डुबकी से पशुओं के कारोबार तक

मांडकला का यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सदियों पुरानी धार्मिक मान्यताओं, ग्रामीण परंपराओं, व्यापार और सामाजिक मेल-मिलाप की जीवंत विरासत है। यही वजह है कि कार्तिक पूर्णिमा पर शुरू होने वाला यह मेला आज भी मिनी पुष्कर की पहचान को देशभर में बनाए हुए है।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:28 PM IST
Published on: