
Mini Japan in India : करीब दो दशक पहले नीमराणा में जापानी उद्योगों की स्थापना एक नई औद्योगिक पहल के रूप में हुई थी। उस समय शायद ही किसी ने कल्पना की होगी कि यह छोटा-सा औद्योगिक प्रयोग आने वाले वर्षों में राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश में जापानी निवेश का सबसे सफल मॉडल बन जाएगा।
समय के साथ नीमराणा की औद्योगिक पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची और अब इसकी सफलता की कहानी घीलोठ तक विस्तार ले रही है। नीमराणा से घीलोठ तक विकसित हो रहा जापानी औद्योगिक कॉरिडोर अब ‘मिनी जापान’ के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
नीमराणा के जापानी जोन में 9 हजार करोड़ के निवेश से औद्योगिक तस्वीर पूरी तरह बदल गई है। यहां 53 से अधिक जापानी कंपनियां हैं, जिनें 88 हजार लोगों को रोजगार मिला हुआ है। अब 156 एकड़ में जापानी जोन-द्वितीय विकसित हो रहा है। जो राजस्थान के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा।
इस जापानी जोन में विश्वस्तरीय सुविधाएं हैं, 24 घंटे बिजली, गैस पाइपलाइन और ग्रीन इंडस्ट्री इसकी पहचान है। नीमराणा की सफलता के बाद अब घीलोठ में जापानी औद्योगिक जोन-द्वितीय विकसित किया जा रहा है। करीब 156 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस औद्योगिक क्षेत्र में 36 भूखंड तैयार किए गए हैं। यहां दो कंपनियों के साथ एमओयू हो चुके हैं, जबकि दो औद्योगिक इकाइयों का निर्माण कार्य जारी है। इस क्षेत्र में करीब 1,000 करोड़ रुपए के निवेश और लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलने की संभावनाएं हैं।
नीमराणा में जापानी निवेश ने केवल औद्योगिक इकाइयों की संख्या ही नहीं बढ़ाई, बल्कि पूरे क्षेत्र की कार्य संस्कृति को भी नई दिशा दी है। समय की पाबंदी, अनुशासन, गुणवत्ता, तकनीकी दक्षता और पर्यावरण संरक्षण जैसे जापानी कार्यशैली के मूल सिद्धांत यहां के औद्योगिक वातावरण का हिस्सा बन चुके हैं।
आधुनिक उत्पादन प्रणाली, प्रशिक्षित मानव संसाधन और गुणवत्ता नियंत्रण की बेहतर व्यवस्थाओं ने नीमराणा को वैश्विक कंपनियों के लिए भरोसेमंद विनिर्माण केंद्र बनाया है। जापानी जोन में ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट, एयर कंडीशनिंग, इंजीनियरिंग, स्टील और हाईटेक उत्पादों का निर्माण कर रही ये कंपनियां देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
नीमराणा जापानी जोन की खासियत यहां विकसित विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाएं हैं। भूमिगत विद्युत लाइनें, गैस पाइपलाइन नेटवर्क, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, हरित पार्क, चौड़ी सड़कें, एलईडी स्ट्रीट लाइट और सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्थाएं इसे देश के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों में शामिल करती हैं। अधिकतर औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए उन्नत संयंत्र लगे हैं। यहां औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
नीमराणा में 220 केवी और 132 केवी विद्युत स्टेशन, भूमिगत केबलिंग तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से बिजली आपूर्ति का मजबूत ढांचा तैयार किया गया है। गैस पाइपलाइन नेटवर्क और अन्य आधुनिक सुविधाओं ने भी उद्योगों के संचालन को आसान बनाया है।
नीमराणा, घीलोठ और शाहजहांपुर औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ती गतिविधियां इस पूरे क्षेत्र को बड़े विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित कर रही हैं। दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर (डीएमआईसी) से रणनीतिक जुड़ाव, राष्ट्रीय राजमार्ग की कनेक्टिविटी और आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं इसे निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाती हैं। आने वाले वर्षों में जापानी जोन-द्वितीय के विस्तार के साथ यह कॉरिडोर राजस्थान में विदेशी निवेश, निर्यात और रोजगार सृजन का बड़ा केंद्र बन सकता है।