Patrika Special News

Valentine Day 2026: बाजार में हावी हुआ प्यार का जोश, 200 का गुलाब बंच बिके 600 में, केक और स्पेशल गिफ्ट की बिक्री तोड़ी रिकॉर्ड

Valentine Day 2026: प्यार के इजहार के पर्व वेलेंटाइन डे पर राजधानी का बाजार पूरी तरह गुलजार नजर आया। 14 फरवरी को लाल गुलाब की मांग चरम पर रही। बढ़ती डिमांड के चलते कीमतें सामान्य दिनों की तुलना में लगभग तिगुनी हो गईं। गुलाब के साथ-साथ केक, गिफ्ट हैंपर और ऑनलाइन ऑर्डर ने भी कारोबार को नई ऊंचाई दे दी।

3 min read
Feb 14, 2026
रायपुर में 5 करोड़ के गुलाब (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Valentine Day 2026: प्यार के इजहार का पर्व वेलेंटाइन डे 14 फरवरी को मनाया गया। इस दिन लाल गुलाब की मांग चरम पर रही। राजधानी में सिर्फ एक दिन में करीब 5 करोड़ रुपए के गुलाब बिके। मांग बढ़ने से कीमतें सामान्य दिनों की तुलना में लगभग तिगुनी हो गईं।

ये भी पढ़ें

Valentine Day 2026: बास्केटबॉल कोर्ट की टक्कर से दिलों के कनेक्शन तक… ऐसे शुरू हुई प्रांजल और प्रिया की खूबसूरत प्रेम कहानी

200 का बंच पहुंचा 600 तक

सामान्य दिनों में 20 फूलों का एक बंच 200 रुपए में मिलता है, लेकिन वेलेंटाइन डे पर यही बंच 500 से 600 रुपए तक बिका। खुदरा बाजार में एक-एक गुलाब 40 रुपए तक पहुंच गया। फरवरी माह में ही कुल उत्पादन का लगभग 25 प्रतिशत हिस्सा खप जाता है।

स्थानीय किसानों को मिला बड़ा फायदा

पिछले पांच वर्षों में रायपुर के आसपास पालीहाउस में गुलाब की खेती बढ़ी है। इससे किसानों को सीधा फायदा मिला है। पहले गुलाब अन्य राज्यों से मंगाने पड़ते थे, लेकिन अब स्थानीय उत्पादन से सप्लाई हो रही है। करीब 15 होलसेलर बाजार में सक्रिय हैं। व्यापारियों का कहना है कि इस बार मौसम अनुकूल रहा, जिससे फूलों की गुणवत्ता बेहतर रही और डिमांड भी बढ़ी।

पायलट का सपना टूटा, खेती से बनाई नई पहचान

चंद्रखुरी के किसान प्रतीक बैस ने पायलट बनने का सपना देखा था, लेकिन दुर्घटना के बाद अयोग्य घोषित होने पर उन्होंने खेती को अपना करियर बना लिया। रिसर्च के बाद पालीहाउस तकनीक से गुलाब उत्पादन शुरू किया। उनका कहना है कि वेलेंटाइन सीजन में मांग इतनी बढ़ जाती है कि सप्लाई कम पड़ जाती है। ऑफ सीजन में गुलाब ओडिशा, मध्यप्रदेश और नागपुर तक भेजे जाते हैं।

20 साल का रिकॉर्ड टूटा

फूल दुकानदार जगन्नाथ मंडल के अनुसार, इस बार गुलाब के दाम ने वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पहले जो गुलाब 15-20 रुपए में बिकता था, वह अब 40 रुपए तक पहुंच गया है। 250 से 300 रुपए तक के बुके और 500 रुपए से अधिक के प्रीमियम बुके की भी अच्छी बिक्री हुई।

गिफ्ट कल्चर ने बढ़ाया कारोबार

अब वेलेंटाइन डे सिर्फ गुलाब तक सीमित नहीं रहा। गिफ्ट हैंपर, चॉकलेट, टेडी बियर और केक की मांग भी तेजी से बढ़ी।दुकानदार दीपक टंडन ने बताया कि पहले वैलेंटाइन डे पर रेड कलर के केक का ट्रेंड ज्यादा रहता था, लेकिन अब समय बदल गया है। वर्तमान में हर फ्लेवर और हर रंग के केक की डिमांड देखने को मिल रही है। ग्राहक अपने स्वाद और पसंद के अनुसार केक ऑर्डर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के दिन केक के साथ-साथ स्पेशल गिफ्ट हैंपर की भी अच्छी खासी मांग रहती है। खासतौर पर युवा वर्ग इस मौके पर अपने प्रियजनों के लिए केक और आकर्षक गिफ्ट हैंपर खरीदता है।

कीमतों की बात करें तो केक 300 रुपए से शुरू होकर 3,000 रुपए तक उपलब्ध हैं, वहीं गिफ्ट हैंपर 200 रुपए से लेकर 1,500 रुपए तक की रेंज में तैयार किए गए हैं। वैलेंटाइन डे को ध्यान में रखते हुए इस बार खास डिजाइन और थीम पर आधारित गिफ्ट हैंपर भी बाजार में उतारे गए हैं, जिन्हें लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

ऑनलाइन ऑर्डर भी बढ़े

इस बार ऑनलाइन ऑर्डर और होम डिलीवरी की मांग भी बढ़ी। कई दुकानों ने सोशल मीडिया के जरिए प्री-बुकिंग ली, जिससे 14 फरवरी से पहले ही स्टॉक लगभग खत्म हो गया।

वेलेंटाइन के बाद गिरती है मांग

व्यापारियों का कहना है कि 14 फरवरी के बाद अचानक बिक्री घट जाती है। हालांकि शादी सीजन, छोटी दिवाली और अन्य आयोजनों में फिर से फूलों की मांग बढ़ जाती है।

Published on:
14 Feb 2026 06:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर