14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Valentine Day 2026: बास्केटबॉल कोर्ट की टक्कर से दिलों के कनेक्शन तक… ऐसे शुरू हुई प्रांजल और प्रिया की खूबसूरत प्रेम कहानी

Valentine Day 2026: फाइनेंस एक्सपर्ट प्रांजल कामरा और लॉ इंफ्लूएंसर प्रिया जैन की प्रेम कहानी दोस्ती, संघर्ष, भरोसे और सैक्रिफाइस की मिसाल है।

2 min read
Google source verification
प्रांजल कामरा और प्रिया जैन की कहानी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

प्रांजल कामरा और प्रिया जैन की कहानी (फोटो सोर्स- पत्रिका)

रायपुर @ताबीर हुसैन।Valentine Day 2026: फाइनेंस एक्सपर्ट प्रांजल कामरा और लॉ इंफ्लूएंसर प्रिया जैन की प्रेम कहानी दोस्ती, संघर्ष, भरोसे और सैक्रिफाइस की मिसाल है। ग्यारहवीं क्लास में शुरू हुई यह कहानी स्कूल, कॉलेज और करियर के उतार चढ़ाव से गुजरते हुए आज एक सफल शादी और मजबूत बिजनेस पार्टनरशिप में बदल चुकी है।

बास्केटबॉल कोर्ट पर पहली मुलाकात

प्रांजल बताते हैं कि वे ग्यारहवीं में डेप्यूटी हेड बॉय थे, जब प्रिया दूसरे स्कूल से उनके स्कूल आईं। पहली मुलाकात बास्केटबॉल कोर्ट पर हुई। कॉमन फ्रेंड रोशनी के जरिए दोनों एक ही गेम में शामिल हुए, लेकिन अलग अलग टीम में। खेल के दौरान प्रिया ने जोर से टक्कर मारी, प्रांजल गिर पड़े और गुस्से में कुछ बोल भी दिया। बाद में दोनों साथ आइसक्रीम खाने गए और यहीं से दोस्ती की शुरुआत हुई।

Valentine Day 2026: पास पास के घर, एक जैसे सपने

धीरे-धीरे पता चला कि दोनों के घर आसपास ही हैं। दोनों ने लॉ की तैयारी की। प्रांजल का एडमिशन एचएनएलयू में हुआ, जबकि प्रिया ने प्राइवेट कॉलेज से लॉ किया और बाद में पीजी भी किया। प्रांजल को महसूस हुआ कि उनका इंटरेस्ट लॉ में नहीं है, इसलिए उन्होंने फाइनेंस की राह चुनी। प्रिया ने हैदराबाद में टीचिंग जॉब शुरू कर दी।

साइकिल, एक्टिवा और पैदल सफर

प्रांजल बताते हैं कि स्कूल के दिनों में उनके पास पैसे नहीं होते थे। वे साइकिल से स्कूल आते जाते थे, जबकि प्रिया के पास एक्टिवा थी। कई बार पेट्रोल के पैसे नहीं होते थे तो दोनों पैदल ही निकल पड़ते थे। कभी प्रांजल एक्टिवा को ढकेलते, तो कभी प्रिया उनकी साइकिल। वे जानबूझकर धीरे चलते ताकि साथ ज्यादा वक्त मिल सके। यही सादगी और साथ उनके रिश्ते की सबसे मजबूत नींव बनी।

जब उसने लाख रुपये की नौकरी छोड़ दी

प्रांजल के बिजनेस की शुरुआत संघर्ष भरी रही। उसी समय प्रिया का सेमेस्टर ब्रेक था। प्रांजल ने उनसे मदद मांगी और बिना ज्यादा सोचे समझे प्रिया ने अपनी अच्छी खासी नौकरी छोड़ दी। वे बिना यह जाने कि भविष्य क्या होगा, उनके साथ बिजनेस में उतर आईं।

प्रांजल कहते हैं, सबसे खास बात यह है कि प्रिया उनके साथ तब से हैं, जब वे कुछ भी नहीं थे। आज दोनों ने साथ मिलकर बिजनेस खड़ा किया है और दो साल से शादीशुदा जिंदगी भी खुशहाल तरीके से जी रहे हैं।