पीलीभीत

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में एक और बाघ की मौत, सात लोगों पर केस, दो निलंबित

बीत 21 दिनों के अंदर पीलीभीत टाइगर रिजर्व में तीन बाघों के शव मिल चुके हैं।
2 min read
• •
Updated: 20 Apr 2018, 1:13 PM IST
टाइगर की मौत

पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व के महोफ रेंज में गुरुवार को एक और बाघ का शव मिला। वन विभाग की टीम ने बाघ के शव को पोस्टमार्टम के लिए आईवीआरआई बरेली भेज दिया है। हैरत की बात यह है कि इस घटना को छिपाने का भी प्रयास किया गया। मामला सामने आने के बाद वन संरक्षक बरेली ने फारेस्टर और फारेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में सात लोगों के खिलाफ टाइगर की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।


तीन ग्रामीण हुए थे घायल
जानकारी के मुताबिक बुधवार को न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चैड़ाखेड़ा, जो महोफ रेंज वन सीमा से करीब दो किमी दूरी पर है। ग्राम चैड़ाखेड़ा के ग्रामीण रूपलाल, ओमप्रकाश, श्रीकृष्ण वन क्षेत्र के बाहर गन्ने के खेत में घायल अवस्था में मिले। इन तीनों को बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था। इस घटना के बाद ही जंगल में बाघ का शव मिला। बता दें कि बीते 21 दिनों में जंगल में तीन बाघ के शव मिल चुके हैं।


खेत में नहीं मिले बाघ के निशान
गुरुवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए वन संरक्षक बरेली वृत्त पीपी सिंह ने बताया कि महोफ रेंज के महोफ कम्पार्टमेंट संख्या 112 में वन सीमा से करीब किमी अंदर सात साइकिल पायी गयी। मौके पर जगह-जगह खून के धब्बे पाए गए। प्रथमदृष्टया प्रतीत होता है कि इन व्यक्तियों के साथ संघर्ष में बाघ की मृत्यु हुई है। उधर, ग्राम चैड़ाखेड़ा में गन्ने के खेत का निरीक्षण करने पर पता चला कि वहां पर बाघ मौजूद नहीं था, क्योंकि उक्त स्थान पर बाघ के पंजे नहीं पाए गए। जबकि वन क्षेत्र के अंदर मौके पर जगह-जगह कई खून के निशान मिले थे।


इन लोगों के खिलाफ केस दर्ज
वन सरंक्षक ने बताया कि तीनों घायल व्यक्तियों समेत सात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया है। इस केस में बालक राम पुत्र रामसरन, प्रमोद कुमार पुत्र बेनीराम, ईश्वरी प्रसाद पुत्र गोकुल प्रसाद, नत्थू पुत्र भोपाली राम, रूप लाल पुत्र गंगाराम, ओमप्रकाश पुत्र फतेहचंद एवं श्रीकृष्ण पुत्र गंगाराम अभियुक्तों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।


वन दरोगा समेत दो निलंबित
वन संरक्षक ने बताया कि बाघ की मौत को गंभीर माना जाता है। इसमें लापरवाही के लिए वीके गुप्ता, प्रभारी क्षेत्रीय वनाधिकारी, महोफ को प्रभागीय कार्यालय, पीलीभीत टाईगर रिजर्व, पीलीभीत से सम्बद्ध किया गया है। वन दरोगा वशिष्ठ कुमार और वन रक्षक कुबेर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं बाघ के शव को पोस्टमार्टम तथा अग्रिम जांच कार्रवाई के लिए भारतीय वन्य जीव चिकित्सा अनुसंसाधन संस्थान बरेली को भेज दिया गया है। वन संरक्षक ने बाघों की मौत के मामलों की जांच किसी स्पेशल एजेंसी से कराने की बात कही है। फिलहाल क्षेत्रीय वनाधिकारी, बराही अनिल शाह को प्रभावी जांच करने के निर्देश दिये गए हैं।

Published on: