
पीलीभीत। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध समेत तमाम मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी का आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन है। पीलीभीत में सपा कार्यकर्ताओं की नेहरू पार्क में प्रदर्शन की तैयारी थी, लेकिन नागरिकता संशोधन कानून के मुद्दे पर प्रदेशभर में तनाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी। अनुमति न मिलने के बावजूद कार्यकर्ता प्रदर्शन की फिराक में थे। लिहाजा उन्हें रोकने के लिए सुबह से ही प्रशासन अलर्ट हो गया। एक ओर जहां पूर्व कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद को उनके कार्यालय पर नजरबंद कर दिया गया, वहीं धरना देने के लिए जा रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी पुलिस की झड़प हो गई। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर अस्थायी जेल में भेजा गया।
जिला कार्यालय के बाहर दिया धरना, लगाए सरकार विरोधी नारे
पुलिस से झड़प होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाना शुरू कर दिया और समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स ने समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस लाइन में बनी अस्थायी जेल में भेज दिया है।
पूर्व राज्य मंत्री और निवर्तमान जिलाध्यक्ष जेल भेजे
पुलिस ने समाजवादी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे पूर्व राज्यमंत्री हेमराज वर्मा और सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव को भी गिरफ्तार किया और अस्थायी जेल भेज दिया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री के समर्थन में सैकड़ों समाजवादी कार्यकर्ताओं ने भी अपनी गिरफ्तारी दी है।