
पीलीभीत। बाल आयोग के तमाम दावों के बीच उत्तर प्रदेश में बाल श्रम पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। पीलीभीत के बरखेड़ा ब्लॉक क्षेत्र में करीब दो दर्जन ईंट भट्ठों पर खुलेआम बाल मजदूरी हो रही है। इन बाल मजदूरों के भविष्य से तो खेला ही जा रहा है, वर्तमान में तमाम सरकारी योजनाओं का भी इन्हें लाभ नहीं मिल रहा है। जब आला अधिकारियों से इस बारे में पूछा गया तो कैमरे के सामने बोलने से कतराते नज़र आये।
ईंट भट्ठों पर बच्चे करते हैं काम
सर्व शिक्षा अभिय़ान से लेकर तमाम सरकारी योजनाएं मसूमों के भविष्य को संवारने के लिए चलाई जा रही हैं इसके बावजूद बचपन गरीबी की मार के चलते मजदूरी करने को मजूबर है। पीलीभीत में तमाम बच्चे पढ़ाई लिखाई की उम्र में मजदूरी कर रहे हैं। बालश्रम की बात की जाये तो सबसे ज्यादा यह तराई के जनपद पीलीभीत में ईंट भट्ठों पर देखने को मिलता है। श्रम विभाग का काम है कि इन बच्चों को चिन्हित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। बचपन भट्ठों पर तप रहा है।
महीने में मिलते हैं न के बराबर रुपए
देश का यह भविष्य कभी किसी होटल पर बर्तन धोते, चाय के होटल पर चाय देने, ईंट भट्टों पर मजदूरी करने का काम करते हुये दिखाई देता है। यह बच्चे मजबूरी में काम करते हैं, क्योंकि गरीबी इनको मजदूर के लिये मजबूर कर रही है। इन बच्चों को यह भी नहीं पता है कि स्कूली पढ़ाई क्या होती है। यही नहीं यह बाल श्रमिक अपने माता पिता की मर्जी से ही काम करते हैं। इन बच्चों को माहवार 100 से 250 रूपए की मजदूरी मिलती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार की योजनाएं जो श्रमिकों के लिए बनाई गई हैं उनका लाभ भी इन बाल श्रमिको को पीलीभीत में तो नहीं मिल रहा है।