
पीलीभीत। जिले में निकाह के बाद दहेज के लिए प्रताड़ना देने फिर तलाक देकर जबरन घर से निकाल देने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे बुरी तरह मारता पीटता था। करीब दो महीने से महिला अपने मायके में रही और पति के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई। उसके बाद वे लोग महिला को वापस ले गए लेकिन रवैया नहीं बदला। 24 मई को महिला के साथ फिर से मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि इस बीच उसका दो महीने का बच्चा भी मर गया। अब महिला न्याय के लिए कोतवाली के चक्कर काट रही है।
पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ग्यासपुर की रहने वाली शबनम का निकाह मोहल्ले के ही नईम के साथ करीब पांच साल पहले हुआ था। निकाह में पिता व भाईयों ने अपनी हैसियत के हिसाब से अच्छा दान-दहेज दिया था। शादी के कुछ समय बाद ही पत्नी को पता चला कि उसके पति के किसी महिला के साथ अवैध सम्बंध हैं जिसका वो विरोध करने लगी, तो पति ने मारपीट करना शुरू कर दिया और दहेज की मांग करने लगा।
आए दिन पति नईम उसे मारता पीटता और उसके बडे भाई जोकि फौज में हैं, उनसे एक नये ट्रक की मांग करता था। 23 मार्च को नईम ने शबनम को बहुत बुरी तरह मारा-पीटा और घर से निकाल दिया जिसके बाद शबनम ने बीसलपुर कोतवाली में एनसीआर दर्ज करवाई। इसके बाद वो लोग शबनम को साथ ले गए। लेकिन वहां पर उन लोगों का रवैया नहीं बदला। 24 मई को जब शबनम ने दूसरी औरत से सम्बंध बनाने का विरोध किया तो नईम और उसके घरवालों ने उसे तीन तलाक़ देकर उसे जबरन घर से निकाल दिया। तब से शबनम पुलिस के दर के चक्कर काट रही है। शबनम ने बीसलपुर कोतवाली पुलिस को एक जून को तहरीर भी दी लेकिन पुलिस ने तहरीर पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।