पीलीभीत

पारिवारिक विवाद में विवाहिता ने जहर पीकर की खुदकुशी

मृतका के पति ने अपने सगे भाई भाभी के खिलाफ तहरीर दी है।
2 min read
Jun 19, 2018
Commit Suicide
पारिवारिक विवाद में विवाहिता ने जहर पीकर की खुदकुशी

पीलीभीत। पारिवारिक विवाद में विवाहिता ने जहरीला पदार्थ पीकर की आत्महत्या कर ली है। उधर मृतका के परिजन जहर पिलाकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सूचना पर पहुंची कोतवाली पूरनपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्‌टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मृतका जहर की शीशी लेकर घर के बाहर भागती नजर आयी और जहर पीकर जान दे दी।

कोतवाली पूरनपुर क्षेत्र की गांव रूरिया सलेमपुर निवासी बाबू सिंह के पुत्र राजीव उर्फ़ राजू की शादी 12 वर्ष पूर्व पड़ोस के गांव रुद्रपुर गौटिया निवासी बुधा सिंह की पुत्री सोमवती के साथ हुई थी, दंपति के तीन संतानें भी हैं। बताया जाता है कि सोमवती का पति राजीव, ससुर बाबू सिंह व जेठ रमेश आए दिन मारपीट कर दहेज की मांग करते थे। आज भी उन्होंने मारपीट की जिसके बाद सोमवती घर से बाहर जहर की शीशी हाथ में लिये भागती नज़र आयीं। गांव वालों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन जब तक वो उसे रोक पाते सोमवती ने जहर पी लिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर मृतका के भाई ने पति सहित सुसर, जेठ और जिठानी के खिलाफ ज़हर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुये कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।

मृतका के पति ने भाई और भाभी के खिलाफ दी तहरीर

कोतवाली पूरनपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका के पति राजीव ने अपने बड़े भाई रमेश सिंह और भाभी अंगूरी देवी पर प्रताड़ित करने की वजह से पत्नी सोमवती के ज़हर खाकर आत्महत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पूरनपुर पुलिस को तहरीर दी है। फ़िलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पति राजीव का कहना है कि उसके पिता बाबू सिंह बड़े भाई रमेश को ज्यादा मानते थे। कुछ दिन पूर्व पिता बाबू सिंह ने तीन एकड़ ज़मीन से एक बीघा ज़मीन बेची थी, बेची गई ज़मीन के रुपयों में तीम हिस्से होना थे। प्रत्येक के हिस्से में 63 हज़ार रुपए आ रहे थे लेकिन उसको मात्र 30 हज़ार रुपए ही दिए जा रहे थे, जिसका सोमवती ने विरोध किया, तो घर में जेठ रमेश सिंह और जेठानी अंगूरी देवी से विवाद हो गया। विवाद के चलते उसने घर के बाहर निकलकर ज़हर पी लिया, जिससे उसकी मौके कर ही मौत हो गई। बरहाल पुलिस अभी गुत्थी सुलझाने में लगी है और पूछताछ कर रही है।

Published on:
19 Jun 2018 06:41 pm