खनन ठेका पाने के लालच में बन गये ठगी का शिकार, पूर्व चेयरमेन के साथ कई पार्टनर बने ठगी का शिकार, पुलिस ने मुकदमा किया दर्ज
पीलीभीत। भाजपा नेता अपनी ही सरकार में ठगी का शिकार बने है। यहॉ पूर्व चेयरमेन व उनके पार्टनरों संग उत्तराखण के रहने वाले ठगों ने खनन ठेका दिलाने के नामपर 80 लाख की ठगी को अंजाम दिया है। ठगों ने खुद को उत्तराखण्ड के खनन मंत्री का करीबी बताते हुये ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर सुनगढ़ी थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
ये है मामला
हरिद्वार के कुछ लोगों ने खनन का ठेका दिलाने के नाम पर 80 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी शहर के चर्चित भाजपा नेता व पूर्व चेयरमेन राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी व उनके साथियों संग हुयी। पूर्व चेरयमेन के पार्टनर चंद्रपाल गंगवार ने पुलिस अधीक्षक बालेन्दु भूषण सिंह को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथी राजीव अग्रवाल उर्फ टीटी, लक्ष्मी नारायण, महेंद्र पांडे, किशन गुप्ता, पंकज अग्रवाल, सुखवीर सिंह भदौरिया, राजेश गंगवार के साथ खनन का काम करने को इच्छुक थे। इसी बीच उनकी मुलाकात उत्तराखंड के हरिद्वार निवासी अशोक रुद्रा, सुरेश तंवर, सत्यभान, बलवीर सिंह और सचिन चौधरी से हुई। इन लोगों ने उत्तराखण्ड के खनन मंत्री को खुद का करीबी बताया और हरिद्वार में खनन का पट्टा कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पीलीभीत से सभी पार्टनर हरिद्वार गये जहॉ उनके साथ एग्रमेन्ट किया गया। इसके बाद 28 दिसंबर 2017 को आरोपी पीलीभीत आए भाजपा नेता राजीव अग्रवाल के प्लॉट पर काफी देर तक बातचीत हुई और एडवांस बतौर 50 लाख रुपये लेकर चले गये। इसके बादे 30 लाख रुपये और दिए गए। इसमें आरोपियों ने मार्च 2018 से काम शुरू कराने की बात कही। काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई काम नहीं हुआ तो उन लोगों को ठगी का अहसास हुआ। इस पर दिया गया रुपया वापस मांगा गया। पहले तो आरोपी टालमटोल करते रहे। 30 सितंबर 2018 रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने धमकी दे डाली।
पुलिस अधीक्षक ने दिये मुकदमा दर्ज करने के आदेश
पीड़ितों ने पूरे मामले की शिकायत एसपी बालेन्दु भूषण सिंह जिसके बाद एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष रूम सिंह बघेल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी हरिद्वार उत्तराखंड निवासी अशोक रुद्रा, सुरेश तंवर, सत्यभान, बलवीर सिंह, सचिन चौधरी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की जॉच शुरू हो गयी है और आरोपियों के खिलाफ सख़्त कार्यवाई की जायेगी।