चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मीडिया से तमाम मुद्दों पर बातचीत की।
पीलीभीत। सूबे के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज सुबह पीलीभीत में अपनी चुनावी जनसभा के बाद एक होटल में प्रेसवार्ता की। उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान सपा, बसपा और कांग्रेस को जमकर कोसा, साथ ही मेयर की 90 फीसदी सीटों पर अपनी जीत का दावा किया। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावती उत्तर प्रदेश में रिलीज नहीं होगी, जब तक फिल्म के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर फिल्म से विवादित दृश्य हटा नहीं देते।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में जनता ने जिस तरह भाजपा को भारी बहुमत से जिताया, वैसे ही जनता निकाय चुनाव में भी पार्टी को जिताएगी। उन्होंने कहा कि मैं दावा कर रहा हूं कि सपा, बसपा व कांग्रेस तीनों पार्टियों ने बेशक अपने प्रत्याशी चुनाव में उतारे हैं, लेकिन ये तिकड़ी भी भाजपा को नहीं रोक नहीं पाएगी। हम लोग 16 नगर निगमों में सभी सीटों पर जीत रहे हैं। मेरा मानना है कि नगर पालिका में भी हम लोग 90 प्रतिशत सीटें जीतेंगे।
सपा, बसपा और कांग्रेस मुकाबले में नहीं
उप मुख्यमंत्री बोले कि सपा, बसपा व कांग्रेस तीनों हमारे मुकाबले में नहीं हैं। ये पार्टियां लखनउ में केवल बयानबाजी तक ही सहमत हैं। जबकि भाजपा का मजबूत संगठन बूथ स्तर तक है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता परिश्रम कर रहा है। हम विकासवाद की ओर आगे बढ़ रहे हैं। वो परिवारवाद, भ्रष्टाचार व निजी हितों की बात करते हैं। हम समाज के लिये काम करते है विकास के लिए काम करते है।
प्रशासन की लेंगे खबर
जब केशव प्रसाद मौर्या से मीडिया ने जनप्रतिनिधियों की प्रशासन द्वारा नहीं सुने जाने के बारे में सवाल किया तो वो बोले कि हमारे विधायक जनप्रतिनिधि हैं। वो सरकार के प्रतिनिधि हैं। अगर कोई प्रशासनिक अधिकारी या पुलिस अधिकारी उनकी नहीं सुनता तो इसके बारे में पता करेंगे। प्रशासन को उनकी सुननी पड़ेगी क्योंकि वो जनता के प्रतिनिधि हैं। जनता के हित की बात करते हैं।
पद्मावती पर ये कहा
संजय लीला भंसाली की विवादित फिल्म पद्मावती का गुजरात चुनाव पर असर पड़ने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री बोले कि भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं करती। हम सबका साथ, सबका विकास की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि पद्मावती फिल्म से जब तक विवादित हिस्से को हटा नहीं दिया जाता, तब तक फिल्म उत्तर प्रदेश में रिलीज नहीं होने देंगे।
गन्ना किसानों पर ये बोले
गन्ना किसान व किसान हितों की बात करने वाली भाजपा सरकार के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद से मीडिया ने जब पूछा कि आप सम्भल-चन्दौसी गये थे, वहां वीनस शुगर मिल है, जिस पर 46 करोड़ रूपया किसानों का बकाया था, चीनी भी कुर्क की गयी थी। प्रदेश के मंत्री बलदेव सिंह औलख वहां उदघाटन करने जाते हैं। इस उप मुख्यमंत्री बोले कि हम किसान हितों के लिए कहीं पर भी समझौता नहीं करेगें, यह एक नीतिगत फैसला है कि कहां पर किसके कारण कौनसा फैसला लेना पड़ रहा है। क्यों उदघाटन करने जाना पड़ा। हमारा लक्ष्य यह नहीं है कि कोई काम रोका जाये हमारा लक्ष्य यह है कि किसानों को उनका बकाया मिले और गन्ने का भुगतान समय पर मिले।