
पीलीभीत। जिलाधिकारी डाॅ.अखिलेश मिश्र ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने निर्वाचन की तैयारी आरंभ कर दी हैं। वर्तमान में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन का कार्य चल रहा है। यह कार्य 30 जून तक चलेगा। अभी तक दो राजनीतिक दलों ने ही बूथ लेवल एजेंट बनाने का कार्य पूरा किया है। आज जिलाधिकारी निर्वाचन सहित विभिन्न योजनाओं के संबंध में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
55 बूथ बनाये जा रहे हैं
स्थानीय गांधी सभागार में जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान स्थलों के परिवर्तिन के लिए आयोग ने पहले से ही तैयारी करने को कहा है। उन्होंने कहा कि मतदान स्थल में यदि कोई परिवर्तिन करना चाहता है, तो वह अपना आवेदन एसडीएम को दे सकता है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में 1491 बूथ हैं। इसमें 95 बूथ 1300 मतदाताओं के हैं। चालीस बूथ समायोजित करने के बाद नये 55 बूथ बनाये जा रहे हैं। उन्होंने मतदान स्थलों की सूची एनआईसी के पोर्टल पर डालने के सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को आदेश दिये हैं।
व्यक्तिगत सत्यापन कराया जाएगा
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में 12741 ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है, जिनके डुप्लीकेट होने की संभावना है। इनका सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में जिले में कुल 352 मतदाता ऐसे हैंं, जो 100साल के ऊपर के हैं इनका भी व्यक्तिगत सत्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि मतदाता सूचियों की गड़बड़ियां दुरस्त करा ली जाएं, जिससे मतदान में कोई बाधा न आये।
बिजली समस्या के बारे में ली जानकारी
वहीं जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड असीम कुमार से बिजली की समस्या के संबंध में जानकारी ली। अधिशासी अभियंता ने बताया कि रोस्टिंग मुरादाबाद कंट्रोल से होती है। उन्होंंने बताया कि शहर में निरंजनकुंज तथा टाउन वन फीडर बड़ा होने के कारण समस्या आ रही है। इन फीडरों के विभाजन का प्रस्ताव भेजा गया है। एक माह में इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। इसके अलावा नांद फीडर जिससे 90 से अधिक गांव जुड़े हैं, को भी ईटगांव में 33 केवी बिजलीघर बनाये जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए भूमि की मांग की गई है। बैठक में मौजूद अपर जिलाधिकारी न्यायिक देवेंद्र प्रताप मिश्र ने बताया कि इसका प्रस्ताव पारित हो गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि बिजली संबंधी समस्या को 1912 पर दर्ज कराया जाए, जिससे जल्द समस्या का समाधान हो सकता है।