परिजनों का कहना कि युवक ने मरने से पहले लिया था जहर देने वाले का नाम।
पीलीभीत। जिले में एक मुकदमे का समझौता कराने के बहाने एक शख्स ने युवक को अपने घर बुलाया और उसको जहर देकर उसकी हत्या कर दी। मृतक ने मौत से पहले आरोपी का नाम लिया है। सूचना पर पहुंची कोतवाली बीसलपुर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक के परिजनों ने नामजद तहरीर देकर मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के गांव खरदाई निवासी मुंशीलाल के पुत्र सुजीत का कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दुबे निवासी कमलेश मोहन वाजपेई उर्फ चुन्नू से कुछ समय पहले विवाद हो गया था। विवाद के बाद कमलेश मोहन वाजपेई उर्फ चुन्नू ने सुजीत सहित उसके भाई विनीत के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया था। जबकि मृतक विनीत उस समय रुद्रपुर में एक प्राइवेट कम्पनी में काम कर रहा था। जब विनीत को मुकदमे में उसका नाम होने की सूचना मिली तो वह पीलीभीत आया। विनीत ने चुन्नू से मुकदमे से उसका नाम वापस लेने के कहा।
आरोप है कि 5 अगस्त को कमलेश मोहन वाजपेई उर्फ चुन्नू ने विनीत को समझौते की बात कहकर अपने घर बुलाया। काफी समय के बाद विनीत अपने घर लड़खड़ाता हुआ पहुंचा। हालत बिगड़ने पर परिजन ने विनीत को बिलसंडा पीएचसी में भर्ती कराया जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि मौत से पहले उसने कमलेश मोहन वाजपेई उर्फ चुन्नू पर जहर देने की बात कही। फिलहाल सूचना पर पहुंची कोतवाली बीसलपुर पुलिस ने मृतक विनीत के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर कमलेश के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुटी हुई है।