
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी ने 21 अक्टूबर को महाराष्ट्र में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी सूची जारी कर दी है। आप ने अपनी दूसरी सूची में 7 सात उम्मीदवारों को टिकट दिया है।
महिला-पुरुष समानता के लिए काम करने वाले मुकुंद को आम आदमी पार्टी ने शिवाजीनगर सीट से अपना प्रत्याशी बनाया है। मुकुंद की पहचान राइट टू एजुकेशन पर काम करने के लिए भी रही है।
विकल्प की तलाश
शिवाजीनगर से पार्टी का टिकट मिलने के बाद मुकुंद ने कहा कि लोगों ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी को वोट दिया था। लेकिन अब लोगों को विकल्प की तलाश है क्योंकि बीजेपी ने अपने किए वादे पूरे नहीं किए। हम भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर राज्य में चुनाव लड़ेंगे। हम सभी सीटों पर चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं। लेकिन हमारी कोशिश मजबूती से लोगों के मुद्दे उठाने की है।
50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप
इसी तरह आप ने जलना विधानसभा क्षेत्र से कैलास गंगाधर को अपना उम्मीदवार बनाया है। गणेश धामले को वडगांव शेरी से टिकट दिया है। सुनील गावित को नवापुर और नरेंद्र को मीरा रोड़ विधानसभा से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है। खादीब वकील सोलापुर सेंट्रल और अबू फाजी कलवा से आप के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
बता दें कि आप ने इससे पहले सोमवार को 8 उम्मीदवारों की एक सूची जारी की थी। आप नेता प्रीति शर्मा ने करीब एक महीने पहला साफ किया था कि पार्टी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में करीब 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। दिल्ली केंद्रित यह पार्टी राज्य में विधानसभा चुनाव के मैदान में पहली बार उतर रही है।