
शरद पवार और सुप्रिया सुले (Photo: IANS/File)
Delimitation Bill News: केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) प्रक्रिया को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले के सशर्त समर्थन वाले बयान पर कांग्रेस ने भाजपा (BJP) को घेरा है। कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी फायदे के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और मतदाताओं की संरचना में हेरफेर करती है। उन्होंने असम का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा की इस राजनीति को लोग अच्छी तरह समझ चुके हैं।
नागपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि सुप्रिया सुले पहले भी इस तरह के बयान दे चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि विधेयक संसद में पेश होने के बाद ही इस पर विचार किया जाएगा। फिलहाल किसी को भी यह जानकारी नहीं है कि केंद्र सरकार वास्तव में किस तरह का परिसीमन विधेयक लाने जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की पीठ में छुरा घोंपने की प्रवृत्ति से सभी परिचित हैं। असम में भी लोगों ने इसका अनुभव किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के जरिए चुनावी समीकरण अपने पक्ष में करने की कोशिश करती है।
उन्होंने कहा, परिसीमन के नाम पर मतदाताओं की संरचना में बदलाव करना और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह तय करना कि भाजपा को चुनावी लाभ मिले, गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आगे कहा कि विधेयक सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि सरकार इसमें क्या प्रावधान करने जा रही है और मतदाताओं के समीकरण को किस तरह बदलने की योजना है।
दरअसल, कुछ दिन पहले एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद सुप्रिया सुले ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को सैद्धांतिक रूप से सशर्त समर्थन देने के लिए तैयार है। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चाएं शुरू हो गई थीं। क्योंकि शरद पवार नीत पार्टी राज्य में विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) का हिस्सा है।
हालांकि, रविवार को सुप्रिया सुले ने अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को अभी तक केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित विधेयक की प्रति नहीं मिली है। इसलिए विधेयक का अध्ययन किए बिना कोई अंतिम फैसला नहीं लिया जा सकता। उन्होंने साफ किया कि बिल संसद में पेश होने और उसका पूरा स्वरूप सामने आने के बाद ही पार्टी अपना स्पष्ट रुख तय करेगी।
परिसीमन का मतलब जनसंख्या और संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर लोकसभा तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण करना है। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया जा सकता है और उनकी सीटों की संख्या तथा प्रतिनिधित्व का स्वरूप प्रभावित हो सकता है।
यही वजह है कि प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष को आशंका है कि निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा सकता है।
फिलहाल केंद्र सरकार के प्रस्तावित विधेयक का वास्तविक स्वरूप सामने नहीं आया है। ऐसे में सुप्रिया सुले के रुख और कांग्रेस की आपत्तियों के बाद अब सभी की नजरें संसद में पेश होने वाले विधेयक पर टिकी हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़




