
अमृतसर रेल हादसे पर पंजाब कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि धोबी घाट की जमीन पर खाली सीटें थीं। 4-5 बार यह घोषणा भी की गई थी कि लोग धोबी घाट ग्राउंड के अंदर आ जाएं। रावण का पुतला सुरक्षित ढंग से खड़ा था और उसके गिरने की कोई संभावना नहीं थी। अचानक यह हादसा हो गया, जिसमें 60 से ज्यादा लोगों की अकाल मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
आप को बता दें कि पंजाब के अमृतसर में रावण दहन के दौरान हर तरफ हंसी-खुशी का माहौल था, जो रावण के पुतले के गिरने के बाद एक पल में ही अफरा-तफरी में बदल गया। जलते हुए पुतले की चपेट में आने से बचने के लिए लोग इधर से उधर भागने लगे। रावण दहन जहां हो रहा था, उसके बिल्कुल पास जोड़ा फाटक था, जहां ट्रेन की चपेट में आने से कई लोग मारे गए।
बताया जा रहा है कि रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां जमा थे। उनमें से बहुत से लोग रेल की पटरियों पर खड़े थे। यही लोग अचानक वहां से गुजरी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए। कुछ लोगों का कहना है कि अगर रावण दहन सही समय पर हुआ होता, तो इतने लोगों की जान बच सकती थी।