
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव ( Bihar Election Result 2020 ) के नतीजे दिन बढ़ने के साथ अब धीरे-धीरे साफ होते जा रहे हैं। इन सबके बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। दरअसल, एनडीए गठबंधन में भाजपा काफी आगे चल रही है, जबकि जेडीयू पीछे चल रही है।
सुबह के शुरूआती रुझानों में महागठबंधन ( Mahagathbandhan ) को स्पष्ट बहुमत दिखाई दे रहा है, जैसा कि ज्यादातर एग्जिट पोल ने भविष्यवाणी की थी। अभी तक आंकड़ों के अनुसार, एनडीए 107 सीटों पर आगे है जबकि महागठबंधन 109 सीटों पर आगे है।
एनडीए के 107 सीटों में भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) 70 सीटों पर आगे है जबकि जेडीयू 37 सीटों पर आगे है। दूसरी ओर, NDA के सहयोगी दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) और विकासशील इन्सान पार्टी (VIP) अब तक कोई भी सीट जीतने की स्थिति में नहीं देखी जा रही है।
तेजस्वी के वादों पर जनता का भरोसा!
शुरूआती रुझानों के अनुसार, तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन आगे नजर आ रहा है, जबकि नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए पीछे चल रही है। ऐसे में ये साफ नजर आ रहा है कि चुनावी रैलियों में तेजस्वी की ओर से किए गए वादों पर जनता को ज्यादा भरोसा हुआ है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण सरकार बनने के साथ ही युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा है। तेजस्वी ने 251 रैली की जबकि नीतीश ने 100 कम रैलियां की।