राजनीति

लंदन में राहुल गांधी के दिए बयान पर BJP हमलावर, बोली- 1984 से केरोसिन लेकर घूम रही कांग्रेस

लंदन के दौरे पर गए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आज 'आइडियाज फॉर इंडिया' नामक प्रोग्राम में भारत के हालातों पर कई बयान दिए। राहुल गांधी ने वहां कहा कि बीजेपी के लोगों ने केरोसिन छिड़क रखा है। इस बयान पर भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आई है। भाजपा ने राहुल समेत पूरे कांग्रेस को लपेटे में लिया है।

2 min read
BJP attacks on Rahul Gandhi for his Cambridge University Statement

लंदन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आयोजित 'आइडियाज फॉर इंडिया' नामक कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के दिए बयानों पर भाजपा ने उनपर करारा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी पर विदेशों में जाकर देश की छवि को धुमिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की सेमिनार में जाते हैं वहां जाकर देश की छवि को धूमिल करते हैं। ये आदत हो गई है राहुल गांधी और गांधी परिवार की, वो मोदी से नफरत करते-करते वो भारत के खिलाफ ही व्यक्तव्य देने लगे हैं।

गौरव भाटिया ने आगे कहा कि आप भाजपा का विरोध कर सकते हैं, यह स्वस्थ्य राजनीति का हिस्सा है। लेकिन आप हमारे देश के लिए अपशब्द कहेंगे, बेबुनियाद आरोप लगाएंगे तो ना केवल भाजपा इसका पुरजोर तरीके से विरोध करेगी बल्कि देश की जनता भी इसका विरोध करेगी। बता दें कि आइडियाज फॉर इंडिया कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भारत के हालातों पर चिंता जताते हुए कहा था कि बीजेपी केरोसिन लेकर घूम रही है।

भाजपा के केरोसिन लेकर घुमने के राहुल गांधी के बयान पर भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि एक हताश कांग्रेस और उसके विफल नेता राहुल गांधी जब भी विदेशी की धरती पर जाते हैं, चाहे वो लंदन हो, अमेरिका हो, सिंगापुर हो उनके व्यक्तव्य कहीं न कहीं ये दर्शाते हैं कि आज की कांग्रेस पार्टी 1984 से लेकर अब तक, देश में आग लगाने, सौहार्द बिगाडने में लगी है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लंदन में राहुल गांधी कहते हैं कि भाजपा ने देश में मिट्टी का तेल छिड़का है। राहुल गांधी मिट्टी का तेल तो कांग्रेस पार्टी छिड़कती है। 1984 का जो नरसंहार हुआ, कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कत्लेआम करवाया, उस मिट्टी के तेल को डालने वाले कांग्रेस के ही नेता थे। उल्लेखनीय हो कि 1984 का सिख विरोधी दंगा कांग्रेस के राज में ही हुआ था। जिसमें पूरे देश में कई स्थानों पर दंगा भड़का था।

गौरव भाटिया ने आगे कहा कि राहुल गांधी जी ने दूसरी आपत्तिजनक टिप्पणी जो की है। जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत में पाकिस्तान जैसे हालात हैं। गौरव भाटिया कहा कि जब से भारत आजाद हुआ, सरकार किसी भी पार्टी की रही हो लेकिन लोकतंत्र का राज भारत में रहा और पकिस्तान वो मुल्क है जो आजादी के 75 वर्ष में आधे समय तानाशाह हुकूमत रही है।

Published on:
21 May 2022 02:40 pm
Also Read
View All