राजनीति

CG Election 2023 : भाग्य को नहीं कोस पाएंगे भाजपा प्रत्याशी, ग्रह-नक्षत्र देख कर ही मिलेगा टिकट

CG Election 2023 : राजनीतिक दल चुनावों में जिताऊ प्रत्याशियों पर दांव लगाना चाहते हैं।

2 min read
Aug 31, 2023
CG Election 2023 : भाग्य को नहीं कोस पाएंगे भाजपा प्रत्याशी, ग्रह-नक्षत्र देख कर ही मिलेगा टिकट

संतराम साहू

CG Election 2023 : राजनीतिक दल चुनावों में जिताऊ प्रत्याशियों पर दांव लगाना चाहते हैं। टिकटार्थियों में जीतने की कितनी संभावना है, यह पता लगाने के लिए इलाके में प्रत्याशी का काम, छवि, क्षेत्रीय-जातीय समीकरण, शैक्षिक योग्यता, आर्थिक-सामाजिक स्थिति व वरिष्ठ नेताओं से संबंध सब मायने रखता है। इन सब मोर्चे पर पास होने के बावूजद प्रत्याशी जब चुनाव हार जाता है तो माना जाता है कि उसकी किस्मत ठीक नहीं थी। अब ऐसा नहीं होगा।

हर हाल में जीतने के संकल्प के साथ चुनाव लड़ने के लिए अलग पहचान बना रही भाजपा प्रत्याशियों को किस्मत के भरोसे छोड़ना नहीं चाहती। इसलिए टिकट चयन के लिए नया पैमाना भाग्य की गणना को भी जोड़ दिया है। टिकट तय करने से पहले टिकटार्थियों की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके लिए बड़े ज्योतिष की मदद ली जा रही है। संभावना है कि सभी राज्यों में पार्टी यह तरीका अपनाएगी।

छत्तीसगढ़ में उत्तर प्रदेश के ज्योतिष

भाजपा के सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में यह प्रयोग सफल रहा है। अब छत्तीसगढ़ में भी यह तरीका अपनाया जा रहा है। भाजपा का नेतृत्व तीन नामों का पैनल तैयार होने के बाद दावेदारों का ग्रह-नक्षत्र ज्योतिषियों से दिखवा रहा है। ज्योतिषी द्वारा नाम फाइनल करने पर ही टिकट के लिए मुहर लगेगी। ग्रह-नक्षत्रों की गणना यूपी के एक नेता के गुरु कर रहे हैं।

बिहार, गुजरात के विधायक भी सक्रिय

बिहार, गुजरात, ओडिशा, हरियाणा और असम से आए भाजपा के विधायक भी टिकट के दावेदारों के समीकरण का बारीकी से अध्ययन कर रहे हैं। सामाजिक, धार्मिक और जातीय समीकरण के साथ युवाओं में कितने चर्चित हैं, इन बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हालांकि, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट प्रदेश भाजपा संगठन को सौंपी जा चुकी है।

56 नाम किए फाइनल

प्रदेश भाजपा कार्यालय में पिछले दिनों हुई बैठक में दूसरी सूची के लिए 56 नाम फाइनल किए गए हैं। हालांकि बचे सभी 69 दावेदारों के नामों पर चर्चा की गई, लेकिन दूसरी सूची के लिए 56 लोगों के नाम दिल्ली भेजे गए हैं। राखी के एक-दो दिन बाद नामों का ऐलान किया जा सकता है। दूसरी सूची में 30 लोगों के नाम की घोषणा हो सकती है। इस सूची में दो से तीन बार हारी हुई सीटों के लिए प्रत्याशी घोषित होंगे।

प्रत्याशियों का चयन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। क्षेत्र में जनता से सामान्य जानकारी पूछी जा रही है। जीतने वाले प्रत्याशी को टिकट देने पर हाईकमान फैसला लेगा। ग्रह-नक्षत्र दिखवाने जैसी कोई बात नहीं है।

-अरुण साव, अध्यक्ष, प्रदेश भाजपा छत्तीसगढ़

Updated on:
31 Aug 2023 12:56 pm
Published on:
31 Aug 2023 12:52 pm
Also Read
View All