
नई दिल्ली। देश के जाने माने चुनावी रणनीतिकार प्रतांश किशोर एक बार फिर एक्टिव हो चुके हैं। काफी अटकलों के बावजूद उन्होंने एक बार फिर जदयू का दामन थाम लिया है। जानकारी के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने अपने पुराने क्लाइंट जेडीयू के लिए काम भी शुरू कर दिया है।
जदयू के लिए प्रशांत किशोर ने शुरू किया काम
बताया जा रहा है कि प्रशांत किशोर ने आम चुनाव 2019 के लिए एक बार फिर अपने पुराने क्लाइंट यानी जेडीयू के लिए काम शुरू कर दिया है। इस बार जेडीयू बीजेपी के साथ मिलकर काम कर रही है और वो एनडीए का हिस्सा है। पहले ऐसा कहा जा रहा था कि बीजेपी और पीके के बीच जो मतभेद थे वो दूर हो गए हैं और वो बीजेपी के लिए काम करेंगे। लेकिन, अचानक बदली परिस्थितियों में उन्होंने जेडीयू के
लिए हामी भरी। जेडीयू महासचिव केसी त्यागी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि वे अपना काम शुरू भी कर चुके हैं। पीके को अपने पास लाने के लिए कई राजनीतिक दलों में जोर-आजमाइश हो रही थी। टीआरएस, जेडीएस, बीजेपी, कांग्रेस और तेलुगुदेशम पार्टी भी उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए अपने पाले में लाना चाह रही थी, लेकिन प्रशांत किशोर ने जेडीयू के साथ काम करने के लिए आखिरकार सहमति दे दी है।
भाजपा के लिए भी प्रशांत किशोर कर चुके हैं काम
यहां आपको बता दें कि प्रशांत किशोर पहले भाजपा के लिए भी काम कर चुके हैं। प्रशांत किशोर ने साल 2012 में नरेंद्र मोदी को तीसरी बार गुजरात का मुख्यमंत्री बनाने में मदद की। हालांकि, उन्हें चर्चा उस समय अधिक मिली जब उन्होंने सीएजी (सिटिजन फॉर अकाउंटेबल गवर्नेंस) के जरिये भाजपा को 2014 का लोकसभा चुनाव पूर्ण बहुमत के साथ जिताने में मदद की। 2015 में पीके और उनके कुछ साथियों ने अलग होकर I-PAC नाम से ग्रुप बनाया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ काम कर महागठबंधन बनाया, जिसके चलते भाजपा का बिहार में सत्ता पाने का सपना चूर हो गया। इतना ही नहीं उन्होंने कांग्रेस के साथ भी काम किया। लेकिन, कांग्रेस को सफलता नहीं मिली थी। अब देखना यह है क्या बिहार में प्रशांत किशोर एनडीए और जदूय की नैया पार लगाते हैं या नहीं।