कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल से सांसद राहुल गांधी एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावार हैं। राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार को अलग-अलग मुद्दे पर घेरते आ रहे हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर राहुल गांधी ने निशाना साधते हुए न्यू इंडिया का न्यू नारा बताया है।
कांग्रेस नेता और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी आए दिन केंद्र की मोदी सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर हमलावर रहते हैं। फिर चाहे वो किसानों का मुद्दा हो या फिर बेतहाशा बढ़ती महंगाई या फिर मोदी सरकार की गलत नीतियां। हर मोर्चे पर वे केंद्र को जिम्मेदार बताते रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को एक बार फिर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। लगातार महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर केन्द्र पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने न्यू इंडिया पर तंज कसा है। इतना ही नहीं उन्होंने न्यू इंडिया का न्यू नारा भी बताया है। बता दें कि इससे पहले राहुल गांधी ने पीएम मोदी के मास्टरस्ट्रोक को लेकर निशाना साधा था।
मोदी सरकार की नीतियों और फैसलों को लेकर अकसर कांग्रेस और राहुल गांधी हमलावर रहते हैं। लेकिन इस बार राहुल गांधी ने पीएम मोदी के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट न्यू इंडिया पर सीधा तंज कसा है।
यह भी पढ़ें - राहुल गांधी ने कहा नफरत के बुलडोजर बंद करो बिजली संयंत्रों को करो चालू
राहुल गांधी ने मंगलवार को ट्वीट करते हुए कहा, 'न्यू इंडिया का न्यू नारा- हर घर बेरोजगारी, घर-घर बेरोजगारी।' इस ट्वीट में राहुल ने आगे लिखा- '75 सालों में मोदी जी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिनके ‘Masterstrokes’ से 45 करोड़ से ज़्यादा लोग नौकरी पाने की उम्मीद ही छोड़ चुके हैं।'
रणदीप सुरजेवाला ने भी बोला हमला
सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं बल्कि कांग्रेस अन्य नेताओं ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी बेरोजगारी और महंगाई को लेकर केन्द्र पर निशाना साधा।
उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा- 'मोदी सरकार में लोगों के रोजी-रोजगार ही नहीं छीने, करोड़ों उम्मीदों ने भी दम तोड़ दिया। 90 करोड़ में से 45 करोड़ लोगों ने थक-हार कर नौकरी की तलाश ही छोड़ दी।
'आधी आबादी' की अर्थव्यवस्था में भागीदारी 18% रह गई है। अमृतकाल में देश, बेरोजगारी और महंगाई का विष पीने को मजबूर है।'
मास्टरस्ट्रोक को बताया था गलत
इससे पहले, राहुल गांधी ने मुद्रास्फीति दर और घटते फिक्स्ड डिपॉजिट या एफडी ब्याज दर को बताते हुए कहा था कि पीएम मोदी के 'मास्टरस्ट्रोक' ने आपकी मेहनत की कमाई को ध्वस्त कर दिया है।
उन्होंने कहा था- 'मुद्रास्फीति दर 6.95 फीसदी हो गया है, जबकि एफडी ब्जाज दर घटकर 5 फीसदी पर पहुंच गया है। अपने बैंक खातों में 15 लाख जमा करना भूल जाइए, पीएम मोदी के 'मास्टरस्ट्रोक' ने आपकी मेहनत की कमाई को ध्वस्त कर दिया है।'
बताया जनधन लूट योजना
राहुल गांधी ने ट्वीट में बताया कि साल 2022 में दो लाख रुपए फिक्स करने पर 11,437 रुपए मिलते हैं, जबकि साल 2012 में इससे कहीं ज्यादा 19,152 रुपए मिलते थे। राहुल गांधी ने इसे जनधन लूट योजना बताया है।
यह भी पढे़ं - राहुल गांधी ने फिर केंद्र सरकार को घेरा, बोले- पीएम मोदी के 'मास्टरस्ट्रोक ' ने आपकी कमाई ध्वस्त कर दी