
मुंबई। महाराष्ट्र और हरियाणा में जैसे-जैसे चुनावी तारीख नजदीक आ रही है, ठीक वैसे-वैसे पार्टियों में अदला-बदली का सिलसिला तेज हो गया है। महाराष्ट्र में बड़ी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयार कर रही शिवसेना को बहुत बड़ा झटका लगा है। दरअसल, नवी मुंबई में शिवसेना के 200 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है।
ये है इस्तीफे की वजह
इस इस्तीफे की वजह से कार्यकर्ताओं की नाराजगी बताई जा रही है। इस्तीफा देने वालों में शिवसेना के जिला प्रमुख और उप प्रमुख भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शिवेसना अरावली और बेलापुर की सीट बीजेपी को दे सकती है और इसी बात की नाराजगी कार्यकर्ताओं में थी।
सीटों पर फंसा हुआ है पेंच
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना के बीच सीट बंटवारे को लेकर मामला तगड़ा फंसा हुआ है। लोकसभा चुनाव की तरह एक बार फिर से राज्य में सीट बंटवारे पर पेंच फंसा हुआ है। शिवसेना ने पहले तो आधी-आधी सीटों की मांग की थी, लेकिन अब खबर है कि बीजेपी ने उसे 124 सीटों पर मना लिया है। वहीं 288 में से बीजेपी 146 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं, बाकी सीटों पर रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) जैसे गठबंधन के छोटे दल चुनाव लड़ सकते हैं।
आपको बता दें कि महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे और 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।