राजनीति

स्मृति ईरानी का हुआ फिर से डिमोशन, नीति आयोग के अहम पद से हुई छुट्टी

स्मृति ईरानी की जगह प्रकाश जावड़ेकर को नीति आयोग का अहम पद दिया गया है।

2 min read
Jun 10, 2018
स्मृति ईरानी का हुआ फिर से डिमोशन, नीति आयोग के अहम पद से हुई छुट्टी

नई दिल्ली। मोदी कैबिनेट में लगातार डिमोशन पा रहीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को एक और बड़ा झटका लगा है। दरअसल, स्मृति ईरानी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाले नीति आयोग से बाहर कर दिया है। नीति आयोग में विशेष आमंत्रित सदस्य पद से उनकी छुट्टी कर दी गई है। नीति आयोग में ये पद उनको मानव संसाधन विकास मंत्रालय मिलने के समय दिया गया था। उनका मंत्रालय बदल जाने के बावजूद भी नीति आयोग में विशेष आमंत्रित सदस्य का उनका पद बरकरार था।

स्मृति ईरानी की जगह प्रकाश जावड़ेकर को मिला पद
स्मृति ईरानी की जगह नीति आयोग के उस पद पर प्रकाश जावड़ेकर को नियुक्त किया गया है। दिलचस्प ये है कि प्रकाश जावड़ेकर वर्तमान में मानव संसाधन विकास मंत्री भी हैं। इसके अलावा राव इंद्रजीत सिंह को नीति आयोग के पूर्व सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया है। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुमोदन के बाद नीति आयोग का पुनर्गठन किया गया है। इसके बाद कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी की यहां से छुट्टी हो गई है। इससे पहले स्मृति ईरानी नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मिंग इंडिया (NITI) आयोग की विशेष आमंत्रित सदस्य थीं।

15 मई को स्मृति ईरानी से छीना गया था सूचना प्रसारण मंत्रालय
यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 17 जून को गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग करने वाले हैं। बता दें कि बीते 15 मई को ही स्मृति ईरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय वापस ले लिया गया था। स्मृति अब सिर्फ कपड़ा मंत्रालय ही देख रही हैं। 15 मई को स्मृति ईरानी से सूचना और प्रसारण मंत्रालय का प्रभार लेने के बाद उनके डिप्टी रहे राज्यवर्धन सिंह राठौर को सूचना प्रसारण मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार दे दे दिया गया था। स्मृति ईरानी जब मानव संसाधन विकास मंत्री बनी थीं तभी से नीति आयोग की सदस्य थीं।

इधर नीति आयोग ने सबको सस्ती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लक्ष्य को ध्यान में रखते लोगों से चिकित्सा उपकरणों में व्यापारिक मुनाफे को युक्तिसंगत बनाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए हैं।

Published on:
10 Jun 2018 12:17 pm
Also Read
View All