राजनीति

तेजस्वी ने भाजपा के खिलाफ चली बड़ी चाल, रामविलास को दिया साथ आने का न्योता

तेजस्वी यादव ने अब ऐसा बयान दिया है कि बिहार में सियासी हलचल काफी तेज हो गई है।
2 min read
Ram Vilas paswan and Tejaswi Yadav
तेजस्वी ने भाजपा के खिलाफ चली बड़ी चाल, रामविलास को दिया साथ आने का न्योता

नई दिल्ली। मोदी सरकार संसद में आज अविश्वास प्रस्ताव का सामना कर रही है। वहीं, बिहार में मानसून सत्र भी शुरू होने जा रहा है। लेकिन, उससे पहले आरजेडी ने भाजपा के खिलाफ बड़ी चाल चल दी है। तेजस्वी ने लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान को महागठबंधन में आने का न्योता दिया है। गौरतलब है कि इससे पहले आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्य रघुवंश प्रसाद ने दावा किया कि रामविलास पासवान राजद के संपर्क में हैं।

इंडिया लौटते ही तेजस्वी ने चली बड़ी चाल

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव करीब दो हफ्ते पहले इंडिया से बाहर गए थे। गुरुवार को वो इंडिया लौटे हैं। इंडिया लौटते ही उन्होंने बिहार में एक बार फिर सियासी भूचाल ला दिया है। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि वे एलजेपी सुप्रीमो रामविलास पासवान से बात करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वे चाहें तो हमारे साथ आ सकते हैं। तेजस्वी ने कहा कि लोजपा प्रमुख से हमारी कोई नाराजगी नहीं है। लालू प्रसाद को पासवान ने कभी धोखा नहीं दिया है। दोनों के संबंध भी अच्छे रहे हैं। इसलिए, उन्हें महागठबंधन में आने का मैं न्योता दे रहा हूं। गौरतलब है कि इससे पहले तेजस्‍वी यादव की पहल पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा यानी 'हम' के सुप्रीमो जीतनराम मांझी राजग छोड़कर महागठबंधन में शामिल हो चुके हैं। अब देखना यह है कि तेजस्वी के इस चाल से बिहार में एनडीए का रूख क्या होता है। पासवान महागठबंधन के साथ जाते हैं या फिर एनडीए के साथ रहते हैं।


यहां आपको बता दें कि तेजस्वी के पहले राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद ने दावा किया है रामविलास पासवान तथा उपेंद्र कुशवाहा राजद के संपर्क में हैं और वे जल्द ही महागठबंधन का दामन थामेंगे। फिलहाल, दोनों ही नेताओं की ओर से इस प्रस्ताव को लेकर कोई बयान नहीं आया है। हालांकि, रालोसपा ने चुनाव से पहले भाजपा के सामने बड़ी शर्त रखी है। ऐसे में चुनाव से पहले भाजपा के लिए बिहार की राजनीति काफी चुनौती पूर्ण हो गई है।

Published on:
20 Jul 2018 12:07 pm