यूपीए चेयरपर्सन ने चुनावी हलफनामे से बताई संपत्ति 60 हजार कैश और साढ़े सात करोड़ की कृषि भूमि इटली की पैतृक संपत्ति में भी मिला है सोनिया गांधी को हिस्सा
नई दिल्ली। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने गुरुवार को रायबरेली संसदीय क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल किया। सोनिया की तरफ से भरे गए शपथ पत्र के मुताबिक उन्होंने अपने बेटे राहुल गांधी से पांच लाख रुपए का ऋण ले रखा है।
सोनिया गांधी के पास नकद के रूप में केवल 60,000 रुपए हैं,जबकि 16.59 लाख रुपए का फिक्स्ड डिपॉजिट है। इसके अलावा उन्होंने रिलायंस हाइब्रिड बांड जी समेत शेयरों में कुल 2,44,96,405 रुपए निवेश किए हैं। साथ ही 28,533 रुपए की मूल्य का करमुक्त बांड है। उन्होंने पोस्टल सेविंग्स, बीमा पॉलिसी, राष्ट्रीय बचत योजना(एनएसएस) में 72,25,414 रुपए निवेश किया हुआ है।
यूपीए चेयरपर्सन के पास राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के डेरामंडी गांव में कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 7,29,61,793 रुपए हैं। सोनिया गांधी का जन्म इटली में हुआ था। इटली में उनके पास 7,52,81,903 रुपए की संपत्ति भी है, जो उन्हें विरासत में मिला हिस्सा है। इसके अलावा उनके पास 59,97,211 रुपए की कीमत के आभूषण भी हैं, जिसमें 88 किलोग्राम चांदी शामिल है।