
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार के द्वारा भाजपा नेताओं को रैली की अनुमति नहीं देने का सिलसिला जारी है। बुधवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा को ममता सरकार ने रैली की अनुमति नहीं दी।
बांकुड़ा जिले में होनी थी रैली
अर्जुन मुंडा की जमशेदपुर के बांकुड़ा जिले में एक रैली प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। आपको बता दें कि इससे पहले अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और शहनवाज हुसैन समेत भाजपा के कई नेताओं को पश्चिम बंगाल में रैली की अनुमति नहीं मिली है।
अर्जुन मुंडा की दोपहर करीब 1:30 बजे रैली होनी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने की वजह से उन्हें आधे रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।
ममता रांची आएं तो दिखाएंगे खातिरदारी- सीपी सिंह
सभा की अनुमति नहीं मिलने के बाद अर्जुन मुंडा ने ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की नीतियां दमनकारी हैं। झारखंड के नगर विकास एवं परिवहन मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी की ये बौखलाहट है, जो साफ दिख रही है। सीपी सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी रांची आएं, सरकार उनके लिए कांके में पर्याप्त व्यवस्था करेगी।
योगी, शाह और शहनवाज को भी नहीं मिली थी अनुमति
आपको बता दें कि इससे एक दिन पहले ही मंगलवार को मुर्शिदाबाद में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को भी प्रशासन ने रैली की अनुमति नहीं दी थी। इसके पहले प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हेलीकॉप्टर को तीन फरवरी को पुरुलिया और बांकुड़ा में उतरने की अनुमति नहीं दी थी। तब उन्होंने फोन पर सभा को संबोधित किया था।