
नई दिल्ली। मीटू अभियान के तहत करीब 20 से ज्यादा महिलाओं के द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरने के बाद मोदी सरकार में मंत्री एमजे अकबर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। विपक्ष पिछले कई दिनों से उनके इस्तीफे की मांग कर रहा था। एमजे अकबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाने वालों में कुछ महिला पत्रकार भी शामिल थीं। जैसे ही एमजे अकबर के इस्तीफे की खबर सामने आई तो पीड़ित महिला पत्रकारों के साथ-साथ अन्य महिला पत्रकारों ने भी इस पर खुशी जाहिर की।
इस्तीफे से महिला पत्रकारों में खुशी
अकबर के खिलाफ सबसे पहले आरोप लगाने वाली और मानहानि के मुकदमे का सामना कर रहीं पत्रकार प्रिया रमानी ने अकबर के इस्तीफे के बाद कहा, "उनके रुख की पुष्टि हुई।" रमानी ने ट्वीट किया, "एक महिला के तौर पर, एम.जे. अकबर के इस्तीफे से हम सही साबित हुए हैं। मैं उस दिन की ओर देख रही हूं, जब मुझे अदालत से भी न्याय मिलेगा।"
एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने लगाए हैं यौन उत्पीड़न के आरोप
एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। अकबर ने प्रिया रमानी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा किया है और इन आरोपों को समाज में उनकी छवि को धूमिल करने वाला करार दिया है। प्रिया रमानी के अलावा पत्रकार सुपर्णा शर्मा ने भी उनके इस्तीफे पर खुशी जाहिर की है। सुपर्णा शर्मा ने अकबर पर 'उनकी ब्रा की स्ट्रेप खींचने का आरोप लगाया है।' सुपर्णा ने कहा है कि उनके इस्तीफे से ही लड़ाई समाप्त नहीं हुई है। सुपर्णा शर्मा ने कहा कि अकबर को बयान देने के बदले भारत पहुंचते ही तत्काल इस्तीफा देना चाहिए था।
पीएम मोदी की चुप्पी पर हैं हैरान
अकबर को 'हिंसक' करार देने वाली पत्रकार सबा नकवी ने कहा, "महाअष्टमी पर देवी दुर्गा ने राक्षस का खात्मा किया, एमजे अकबर गए.." आरोप लगाने वाली एक अन्य महिला पत्रकार हरिंदर बावेजा ने आश्चर्य जताया कि क्या अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज अपन चुप्पी तोड़ेंगे।