
नई दिल्ली। ममता और भाजपा में लगातार तकरार बढ़ता जा रहा है। पश्चिम बंगाल में रैली के लिए ममता सरकार भाजपा नेताओं को एंट्री नहीं देना चाहती। साथ ही हेलिकॉप्टर लैंडिंग की परमिशन भी नहीं दे रही है। आलम यह है कि नेताओं के बीच जुबानी जंग शुरू हो गया है।
ममता और योगी में जुबानी जंग
दरअसल, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को पुरुलिया में एक चुनावी सभा है। लेकिन, ममता सरकार ने हेलिकॉप्टर लैंडिंग की परमिशन नहीं दी है। ममता बनर्जी ने कहा कि योगी आदित्यानाथ से अपना यूपी तो संभाल नहीं पा रहे हैं, पुलिसवाले मारे जा रहे हैं, मॉब लिंचिंग हो रही है लेकिन वह यहां बंगाल घूम रहे हैं। उनसे कहिए पहले अपना राज्य संभालें। इस पर योगी आदित्यानाथ ने तंज कसा है कि मुझे अत्यंत दुःख है कि गुरुदेव रविंद्रनाथ टैगोर की कर्मभूमि, हमारा बंगाल, आज ममता बनर्जी और उनकी सरकार की अराजकता तथा गुंडागर्दी से पीड़ित है। उन्होंने कहा कि अब समय है कि बंगाल को एक सशक्त लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से संविधान की रक्षा हेतु इस सरकार से मुक्त किया जाए।
पुरुलिया में योगी करेंगे रैली
वहीं, योगी आदित्यनाथ रैली में हिस्सा लेने के लिए सड़क मार्ग से जाएंगे। योगी आदित्यनाथ पहले हेलिकॉप्टर से झारखंड पहुचेंगे। इसके बाद कार से वो पुरुलिया जाएंगे। अब देखना यह है कि यह बंगाल की राजनीति क्या रंग लाती है।