प्रतापगढ़ में खरीफ सीजन 2026-27 के लिए कृषि विभाग ने 189.520 हजार हेक्टेयर बुवाई का लक्ष्य तय किया है। इस बार मक्का, मूंगफली, उड़द और अरहर के रकबे में बढ़ोतरी पर जोर रहेगा। किसानों को उन्नत बीज और तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
प्रतापगढ़। आगामी माह में मानसून के आगमन की संभावना जताई जा रही है। वहीं दूसरी ओर किसान वर्ग भी खेतों की हंकाई करने में जुट गए है। इसके साथ ही कृषि विभाग ने खरीफ सीजन 2026-27 को लेकर जिले में फसलवार बुवाई लक्ष्य जारी कर दिए है। विभाग ने इस वर्ष कुल 189.520 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में खरीफ बुवाई का लक्ष्य तय किया है। यह लक्ष्य गत वर्ष की 179.012 हजार हैक्टेयर बुवाई से अधिक है। विभाग की ओर से इस बार जारी आंकड़ों के अनुसार विशेष रूप से मक्का और तिलहन फसलों के रकचे को बढ़ाने पर फोकस किया है।
मक्का की बुवाई का लक्ष्य 55 हजार हैक्टेयर रखा गया है, जबकि गत वर्ष 52.756 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में मक्का की बुवाई की गई थी। इसके साथ ही तिलहन फसलों में सोयाबीन का लक्ष्य 118 हजार हैक्टेयर तय किया गया है। हालांकि यह गत पांच वर्षों के औसत 133.270 हजार हेक्टेयर से कम है, लेकिन गत वर्ष की तुलना में विभाग ने संतुलित लक्ष्य रखा है। मूंगफली का लक्ष्य भी बढ़ाकर 12 हजार हेक्टेयर किया गया है। दलहन फसलों में कुल 2.345 हजार हेक्टेयर बुवाई का लक्ष्य तय किया गया है। उड़द और अरहर के क्षेत्र में वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
कृषि विभाग के अनुसार इस बार मानसून की संभावनाओं और किसानों की रुचि को देखते हुए प्रतापगढ़ में फसलवार लक्ष्य तय किए गए हैं। विभाग की ओर से किसानों को उन्नत बीज, उर्वरक और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। कृषि विभाग ने इस बार मक्का, मूंगफली, उड़द, अरहर और छोटे धान्य फसलों के रकबे में वृद्धि का लक्ष्य रखा है। वहीं सोयाबीन का लक्ष्य पांच साल के औसत से कम रखा गया है। बाजरा और ग्वार फसल का लक्ष्य शून्य रखा गया है।
| फसल | 5 वर्ष का औसत (हेक्टेयर) | 2025-26 की बुवाई (हेक्टेयर) | 2026-27 लक्ष्य (हेक्टेयर) |
|---|---|---|---|
| चावल | 445 | 354 | 450 |
| ज्वार | 10 | 7 | 25 |
| बाजरा | 6 | 37 | — |
| मक्का | 46,108 | 52,756 | 55,000 |
| दलहन | 2,283 | 937 | 2,345 |
| मूंगफली | 3,877 | 18,676 | 12,000 |
| तिल | 178 | 39 | 200 |
| सोयाबीन | 1,33,270 | 1,04,199 | 1,18,000 |
| अन्य तिलहन | 974 | 1,741 | 1,300 |
| अन्य फसलें | 993 | 1,977 | 1,400 |
| कुल योग | 1,87,171 | 1,79,012 | 1,89,520 |