
प्रतापगढ़. प्रदेश में पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों की लॉटरी निकलने के साथ जिले में भी राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनावी तैयारियों के बीच अब सभी की नजर जिला प्रमुख, प्रधान और सदस्यों के साथ पार्षद पदों के आरक्षण पर टिकी हैं। प्रतापगढ़ जिले में एक नगर परिषद और तीन नगर पालिकाओं सहित ग्रामीण क्षेत्र में आठ पंचायत समितियां और 277 ग्राम पंचायतें हैं। ऐसे में आने वाले चुनाव जिले की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। वहीं गुरुवार को प्रतापगढ़ नगर परिषद, अरनोद, छोटीसादड़ी और धरियावद नगर पालिका के अध्यक्ष पदों के आरक्षण की लॉटरी निकल गई है।
जिले में नगरीय निकायों और पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिले में एक नगर परिषद और तीन नगर पालिकाएं हैं। इनमें प्रतापगढ़ नगर परिषद, अरनोद नगरपालिका, छोटी सादड़ी नगरपालिका और धरियावद नगरपालिका शामिल हैं। इन चारों निकायों में कुल 105 वार्ड हैं और कुल 63760 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 31510, महिला मतदाताओं की संख्या 32248 हैं।
चुनाव से पहले आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की हो गई है। इसके बाद 17 अगस्त को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, प्रधान तथा नगर परिषद और नगर पालिका के वार्ड पार्षदों के आरक्षण की लॉटरी की जाएगी। वहीं 18 अगस्त को एसडीएम स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी होगी। इन तीनों चरणों के पूरा होने के बाद जिले में चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो जाएगी। इसका अब आमजन को इंतजार है।
लॉटरी में प्रतापगढ़ नगर परिषद की सभापति सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित हुई हैं। वहीं छोटीसादड़ी नगर पालिका की सभापति सीट भी अनारक्षित ओपन के लिए आरक्षित हुई है।
धरियावद नगर पालिका की सभापति सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है, जबकि अरनोद नगर पालिका की सभापति सीट एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है। लॉटरी जारी होने के साथ ही स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
नगर परिषद प्रतापगढ़ में सभापति पद की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने के साथ ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। लॉटरी के नतीजे सामने आने के बाद अब संभावित सभापति दावेदार महिलाओं को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में जुटते नजर आ रहे हैं। राजनीतिक दलों से जुड़े संभावित दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ने लगी है और अंदरखाने सभापति पद के लिए नामों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, अंतिम तस्वीर अभी साफ नहीं है। वार्डों की आरक्षण लॉटरी के बाद ही यह तय होगा कि कौन से दावेदार के लिए चुनावी मैदान अनुकूल रहेगा और किसका राजनीतिक समीकरण मजबूत बैठेगा। अब सबकी निगाहें वार्ड आरक्षण की लॉटरी पर टिकी हैं। किस वार्ड का आरक्षण किस वर्ग के लिए होता है, कौन सा संभावित दावेदार किस वार्ड से अपनी महिला प्रत्याशी को मैदान में उतार पाता है।
| पंचायत समिति | ग्राम पंचायत | वार्ड | कुल मतदाता | पुरुष | महिला | अन्य | मतदान केन्द्र |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| प्रतापगढ़ | 37 | 301 | 87,865 | 43,613 | 44,250 | 2 | 89 |
| अरनोद | 22 | 170 | 46,315 | 23,137 | 23,178 | 0 | 58 |
| छोटी सादड़ी | 44 | 334 | 92,234 | 46,019 | 46,215 | 0 | 123 |
| धमोत | 38 | 276 | 75,783 | 37,811 | 37,972 | 0 | 79 |
| धरियावद | 53 | 465 | 1,32,954 | 66,971 | 65,982 | 1 | 139 |
| पीपलखूंट | 36 | 294 | 85,083 | 42,447 | 42,634 | 0 | 95 |
| दलोट | 28 | 222 | 58,751 | 29,369 | 29,381 | 0 | 68 |
| सुहागपुरा | 19 | 141 | 38,723 | 19,322 | 19,401 | 0 | 42 |