धरियावद तहसील क्षेत्र के सिंहाड ग्राम के सहकारी समिति में मंगलवार सुबह सोयाबीन बीज एवं उड़द के बैग्स से भरे ट्रक को भीड़ ने लूट लिया।
प्रतापगढ़: धरियावद तहसील क्षेत्र के सिंहाड ग्राम के सहकारी समिति में मंगलवार सुबह सोयाबीन बीज एवं उड़द के बैग्स से भरे ट्रक को भीड़ ने लूट लिया। एकाएक लूट की वारदात के दौरान भीड़ ने लैम्पस मैनेजर प्रेमशंकर मीना और ट्रक चालक के साथ मारपीट की। जिसके बाद दोनों ने भागकर अपनी जान बचाई। ट्रक लूट की सूचना कुछ ग्रामीणों ने धरियावद थाने में दी। जिसके बाद धरियावद सीआई कपिल पाटीदार के निर्देश पर धरियावद थाने के पुलिस जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम के मौके से पहुंचने से पूर्व भीड़ बैग्स लेकर रवाना हो गई थी। इस संबंध में व्यवस्थापक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जानकारी अनुसार सोयाबीन व उड़द बीज से भरा ट्रक एनएससी चित्तौड़गढ़ से धरियावद पहुंचा। जहां सिहाड समिति में खाली होने से पूर्व वहां जमा भीड़ ने बीज के बैग्स को लूटकर अपने-अपने घर की ओर रवाना हो गए।
ट्रक चालक और व्यवस्थापक ने किसानों को रोकने की कोशिश की तो किसानों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। जिससे दोनों बेबस होकर ट्रक को लूटते हुए देखते रहे। इधर ट्रक लूटने का यह मामला काफी देर तक चलता रहा। जिसके हाथ जितने कट्टे लगे वह अपने साधनों से लेकर वहां से रवाना हो गया। सूचना पर सोमाराम एएसआई नाथूलाल, मनोहरसिंह के नेतृव में पुलिस ने ट्रक चालक और सहकारी समिति के मैनेजर से पूरे घटना क्रम की जानकारी ली। बाद पुलिस ने ग्राम में सघन सर्च अभियान शुरू किया जो रात्रि तक जारी रहा। पुलिस टीम ने इस दौरान करीबन 300 कट्टे बरामद किए।
पुलिस जानकारी अनुसार चित्तौड़गढ़ से धरियावद तहसील क्षेत्र के सिहाड सहकारी समिति में खाली होने आया एनएससी के ट्रक में सोयाबीन बीज के 1440 बैग्स 30 किलो प्रति बैग्स, उड़द के 17 कट्टे 40 किलो प्रति बैग्स थे। जिनको भीड़ ने लूट लिया था। पुलिस ने सर्च अभियान के तहत देर शाम तक 300 बैग्स कट्टे बरामद कर लिए।
पुलिस के अनुसार ट्रक के चालक ने बताया ने वह सुबह जल्द समिति पर ट्रक खाली करने पहुंचा था। वह जब वहां पहुंचा तो उससे पहले ही वहां पर पहले से लोगों की भीड़ जमा थी। जैसे ही उसका ट्रक वहां पहुंचा तो ट्रक के वहां पर रुकते ही लोगों ने ट्रक के ऊपर चढ़कर धावा बोलते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। ट्रक चालक ने उसके साथ हुई घटना को एक वीडियो में आपबीती सुनाई।