प्रयागराज

अतीक के बड़े बेटे उमर का पोस्टर वायरल, विधानसभा चुनाव से जोड़कर क्यों देखी जा रही है तस्वीर

Atiq Ahmed Son Umar UP Election 2027 News: माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर का पोस्टर SUV पर नजर आने के बाद प्रयागराज में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। गाड़ियों पर लगे इस पोस्टर के बाद उमर के चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं, हालांकि परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
2 min read
Atiq Ahmad's son Umar, Umar Ahmed Poster, UP Assembly Election
अतीक के बड़े बेटे उमर का पोस्टर चर्चा में (फोटो- X/@ShakurK72498965)

Umar Ahmed Viral Poster: माफिया अतीक अहमद के बड़े बेटे उमर अहमद की एक तस्वीर अब पोस्टर बनकर गाड़ियों पर घूम रही है। यह तस्वीर उस समय की है जब उमर को अपने छोटे भाई अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए पेरोल पर प्रयागराज लाया गया था। इस पोस्टर के सामने आने के बाद प्रयागराज के सियासी गलियारों में तरह तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। लोग कयास लगा रहे हैं कि क्या जेल में बंद उमर अतीक की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए आगामी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतर सकता है।

झारखंड नंबर की गाड़ी पर दिखा पोस्टर

जिस SUV गाड़ी पर उमर का यह पोस्टर लगा है उस पर झारखंड का रजिस्ट्रेशन नंबर है। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ महीने बाद ही यूपी में विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में इस पोस्टर के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। 9 अगस्त को जब उमर करीब 4 साल बाद प्रयागराज पहुंचा था तो उसका बदला हुआ हुलिया देखकर लोग हैरान रह गए थे। वह किसी इस्लामिक धर्मगुरु की तरह नजर आ रहा था।

मुंह पर उंगली रखी तस्वीर बनी पोस्टर

जनाजे के दौरान जब वहां मौजूद समर्थक उमर और उसके भाई अली अहमद को देखकर शोर मचाने लगे थे तो उमर ने अपने मुंह पर उंगली रखकर लोगों से शांत रहने की अपील की थी। उस वक्त खींची गई उसकी वही तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। अब उसी तस्वीर को पोस्टर की तरह गाड़ी पर चस्पा किया गया है। गौरतलब है कि प्रयागराज की शहर पश्चिमी विधानसभा सीट पर अतीक अहमद का भारी दबदबा रहा है और वह यहां से 5 बार विधायक रह चुका है। इसलिए इस पोस्टर को सीधे तौर पर चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि कुछ लोगों का यह भी मानना है कि यह किसी कट्टर समर्थक की अपनी निजी पसंद भी हो सकती है।

चुनाव से जोड़कर क्यों देखी जा रही है तस्वीर?

उत्तर प्रदेश में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में उमर के पोस्टर को लेकर प्रयागराज के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ लोग इसे अतीक परिवार की राजनीतिक विरासत से जोड़कर देख रहे हैं। प्रयागराज की शहर पश्चिमी विधानसभा सीट पर अतीक अहमद का लंबे समय तक प्रभाव रहा था। अतीक इस सीट से पांच बार विधायक चुना गया था। उसका भाई अशरफ भी एक बार यहां से विधायक रहा था। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के कारण उमर के पोस्टर को लेकर चुनावी कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि, यह भी संभव है कि पोस्टर किसी समर्थक की निजी पहल हो। अभी तक ऐसा कोई आधिकारिक संकेत नहीं है कि उमर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है।

अतीक के परिवार से खत्म हो रही सियासी बैर

उमेश पाल हत्याकांड के बाद से अतीक के परिवार के बेहद बुरे दिन चल रहे हैं। पांच बेटों में से 2 असद और अबान की मौत हो चुकी है जबकि उमर और अली जेल की सलाखों के पीछे हैं। पत्नी शाइस्ता परवीन अब भी पुलिस की पकड़ से दूर है। इन सबके बीच पिछले दिनों सिराथू से सपा विधायक और अपना दल कमेरावादी की नेता पल्लवी पटेल ने अतीक के घर पहुंचकर उसके बेटे अहजम से मुलाकात की और अबान की मौत पर शोक जताया। पल्लवी पटेल की इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी। प्रयागराज में चर्चा है कि अतीक परिवार को लेकर राजनीतिक दलों का परहेज अब धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। ऐसे में उमर के पोस्टर ने उसके राजनीतिक भविष्य को लेकर नई अटकलों को जन्म दे दिया है।