Atiq murder: उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने एक मीडिया चैनल से बात करते हुए योगी सरकार की तारीफ की। इसके साथ ही उन्होंने शाइस्ता से अपने परिवार को खतरा बताया।
माफिया अतीक अहमद और उसते भाई अशरफ की हत्या को लेकर उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने बड़ा बयान दिया है। गुरूवार को एक मीडिया चैनल से बात करते हुए जया पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ समाज की गंदगी दूर कर रहे है। इस दौरान असद के एनकाउंटर पर सवाल उठाने पर भड़क गई और कहा कि एक बार उन लोगों से पूछो की उमेश का परिवार डर के साए में जी रहा है। क्या उनको न्याय नहीं मिलना चाहिए?
अतीक के साम्राज्य को शाइस्ता चलाती है
जया पाल ने अपनी बात को रखते हुए कहा कि अतीक के जेल में बंद होने के बाद उसके काले साम्राज्य को वहीं चला रही थी। अपने गुर्गों के दम पर पैसों की व्यवस्था करवाती थी। उसका दबदबा अभी भी कायम है, इसलिए डर तो लगता है मगर सरकार पर पूरा भरोसा है कि उन दोनों को भी अंजाम पर पहुंचाया जाएगा।
शाइस्ता और गुड्डू से डर लग रहा
जया पाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मेरे पति की हत्या के साथ ही उनकी सुरक्षा में लगे दो सुरक्षाकर्मियों की भी हत्या हुई। उनका भी परिवार है। उनके भी भाई, बहन और मां को असद, अतीक और अशरफ की मौत से संतुष्टि जरूर मिली होगी। उन्होंने कहा कि शाइस्ता परवीन और गुड्डू मुस्लिम अभी फरार हैं तो डर लग रहा है कि हमारे साथ भी कुछ हो सकता है। सुरक्षा के बीच वे हमला कर सकते हैं। प्रशासन मेरे साथ है तो सुरक्षित महसूस कर रही हूं लेकिन फिर भी डर तो लगा ही रहता है।